ऑटो से गिरकर मजदूर की मौत, चालक पर लापरवाही का आरोप
- सोनीपत रोड रेलवे फाटक के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सोनीपत रोड रेलवे फाटक के पास ऑटो से गिरकर एक मजदूर घायल हो गया। पीजीआई में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यूपी के फैजाबाद निवासी राज बहादुर ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह परिवार समेत रोहतक के प्रेम नगर चौक पर रहता है। बताया कि मंगलवार की रात वह मजदूरी करके जीजा जयप्रकाश के साथ आटो से लौट रहा था। सोनीपत रोड रेलवे क्रासिंग पर केबिन मैन फाटक को बंद कर रहा था। चालक ने ऑटो को फाटक बंद होने से पहले ही निकालने का प्रयास किया। चालक की जल्दबाजी में ऑटो में सवार उसके जीजा नीचे जा गिरे घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया। जहां पर जयप्रकाश की मौत हो गई। पुलिस आरोपी ऑटो चालक की तलाश में जुटी हुई है।