स्टेट यूनिवर्सिटी में छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस तैनात, खंगाली सीसीटीवी कैमरे की फुटेज
रोहतक (ब्यूरो)। सुपवा यूनिवर्सिटी की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले में वीरवार को दिनभर पुलिस राजीव गांधी स्टेडियम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालती रही। वहीं यूनिवर्सिटी के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
शहर की सुपवा यानि स्टेट यूनिवर्सिटी परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट के बाहर बुधवार की शाम कुछ युवकों ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर यहां से गुजर रहे छात्राओं पर पथराव कर दिया था, जिसमें कई छात्रों को चोट आई थी। इस मामले में विभागीय अधिकारियों ने अर्बन एस्टेट थाने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से यूनिवर्सिटी के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं राजीव गांधी स्टेडियम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगलवाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा । उधर छात्राओं का आरोप है कि आए दिन मनचले छेड़छाड़ करते है। बावजूद इसके मनचलों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। मनचलों पर शिकंजा कसने की मांग की है।