एटीएम कार्ड बंद होने का डर दिखाकर खाते से रुपये निकाले
- ठगों के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पासवर्ड पूछकर ठगी करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ठगों ने मकड़ौली गांव के व्यक्ति से उनका एटीएम पासवर्ड पूछकर खाते से रुपये निकाल लिये। इस संबंध में सदर थाने में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में रमेश ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। शुक्रवार को उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले युवक ने खुद को एक निजी बैंक का अधिकारी बताया। इसके बाद उसने कहा कि उनका खाता व एटीएम कार्ड ब्लॉक होने वाले हैं। दोनों को चालू रखने के लिए एटीएम का पासवर्ड बदलना होगा। इस पर रमेश ने इनकार कर दिया। आरोपियों ने थोड़ी देर बाद फिर से उसके पास फोन किया। इसके बाद रमेश आरोपियों के झांसे में आ गया। रमेश ने आरोपियों को अपने एटीएम कार्ड की डिटेल दे दी। कुछ ही देर बाद ठगों ने रमेश के खाते से 3 हजार रुपये की निकासी कर ली। इसके बाद रमेश ने संबंधित बैंक और पुलिस थाने को मामले की शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।