जींद एसपी के कुक से जींद बाईपास के पास स्नेचिंग
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
बाइक सवार दो युवकों ने जींद एसपी की कोठी पर खाना बनाने वाले युवक से उसका सामान छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। इस संबंध में सब्जी मंडी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में तेज कालोनी निवासी अजमेर ने बताया कि वह जींद एसपी की कोठी पर खाना बनाता है। सोमवार रात को अजमेर ड्यूटी खत्म करके रोहतक आया था। रात करीब एक बजे वह जींद बाईपास चौक से अपने घर की तरफ जा रहा था। उसके पास एक कपड़ों का थैला भी था। जैसे ही वह कुछ आगे पहुंचा तो बाइक पर सवार होकर दो युवक आये। युवकों ने अजमेर को रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने अजमेर से उसका थैला सहित अन्य सामान छीन। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गये। फिर अजमेर ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। अजमेर ने पुलिस को बताया कि वह वारदात करने वाले आरोपियों को पहले से जानता है। उसने बताया कि एक आरोपी माता दरवाजा निवासी विनोद है और दूसरा शोरा कोठी निवासी मुकेश। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अजमेर की किसी बात को लेकर दोनों युवकों से कहासुनी हो गई थी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।