अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
नेशनल हाइवे-आठ पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मसानी बैराज के पास सोमवार को हुए हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मूल रूप से जयपुर के गांव बाजेकलां निवासी धुनाराम (40) भाई के साथ ट्रैक्टर-ट्राली लेकर धारूहेड़ा से जयपुर जा रहा था। अभी दोनों मसानी बैराज के पास ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से पलटे ट्रैक्टर की चपेट में आने से धुनाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस को मामले की सूचना देते हुए आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से ट्रामा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।