घटनास्थल से सिपाही रविंद्र का मोबाइल गायब मिला था। पुलिस ने शुक्रवार को वारदात में आरोपी गांव बुटाना की सुशीला व आशा को गिरफ्तार करके दो दिन के रिमांड पर लिया। शनिवार को पूछताछ में सामने आया कि सुशीला घटनास्थल से रविंद्र का मोबाइल उठा ले गई थी। रविंद्र ने मोबाइल में कुछ फोटो खींच लिए थे।
सबूत मिटाने के लिए ही उनका मोबाइल फोन उठाया गया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान सुशीला की निशानदेही पर उसके घर से सिपाही रविंद्र का मोबाइल बरामद किया है। जांच में सामने आया कि वारदात के दिन मुख्य आरोपी जींद के अमित ने मोबाइल पर आशा से संपर्क किया था। पुलिस ने आशा के घर से भी उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।
युवतियों से कराई घटनास्थल की निशानदेही
पुलिस दोनों युवतियों को घटनास्थल पर भी लेकर गई। वहां पर उनसे निशानदेही करवाई गई। पुलिस को दोनों युवतियों वारदात की जानकारी दी है। दूसरी तरफ पुलिस ने फरार आरोपी विकास व नीरज की गिरफ्तारी के लिए भी कई जगह दबिश दी है। पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों की हत्या में आरोपी सुशीला से सिपाही रविंद्र का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वारदात के दिन मुठभेड़ में मारे गए अमित ने गांव बुटाना की आशा से उसके मोबाइल पर बातचीत की थी। आशा का मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें जल्द काबू किया जाएगा। - बदन सिंह, थाना प्रभारी बरोदा।