रोहतक। ऑनलाइन कंपनी से मेड मंगवाना शहर के एक ज्वेलर को महंगा पड़ गया। ज्वेलर ने शनिवार दोपहर को कंपनी से मेड मंगवाई। शाम को कंपनी ने घर के काम के लिए एक युवती को भेज भी दिया। उसने घर में रात का खाना बनाया। सभी को खिलाया। सारा काम निपटाने के बाद उसी रात घर में रखे 56 हजार रुपये और सोने के चार कंगन लेकर चंपत हो गई। इस बारे में पुलिस को शिकायत भी दी गई है, लेकिन पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया है।
बाबरा मोहल्ला निवासी ज्वेलर अमित गोयल ने बताया कि घर में काम के लिए मेड की जरूरत थी। इसके लिए शनिवार को एक कंपनी का आनलाइन नंबर लिया। इस पर संपर्क कर मेड मुहैया कराने के लिए कहा था। कंपनी की ओर से 20 हजार रुपये सिक्योरिटी और छह हजार रुपये मासिक के हिसाब से चार महीने का अग्रिम वेतन देने की शर्त रखी गई। यह शर्त मान लेने पर कंपनी ने शनिवार शाम को ही एक युवति को घर के कामकाज के लिए भेजा दिया। युवती ने शाम को घर का सारा काम किया। हम अगले दिन उठे तो वह नजर नहीं आई। घर में रखे 56 हजार रुपये और 60 ग्राम सोने के चार कंगन भी नहीं मिले। इसके चलते पुलिस में शिकायत दी। पुलिस न तो मेड को तलाश कर रही है और न ही केस दर्ज कर रही है।
कंपनी ने की धोखाधड़ी, युवती का आधार कार्ड तक गलत : नवीन
बाबरा मोहल्ला निवासी नवीन गर्ग ने बताया कि ऑनलाइन ठगी का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन लोग ठगे जा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मामले में भी कंपनी ने धोखाधड़ी की है। फर्जी शपथ पत्र देने के साथ युवती का आधार कार्ड तक गलत दिया है। आधार कार्ड पर फोटो उसी युवती का है, मगर नंबर गलत आ रहा है। पुलिस इस मामले में तुरंत कार्रवाई करे।
घर से नकदी और जेवर चोरी करने वाली युवती के खिलाफ शिकायत मिली है। इस पर कार्रवाई की जा रही है।
- एसआई अशोक कुमार, प्रभारी, गोकर्ण पुलिस चौकी।