रोहतक। शहर के नजदीकी गांव खरावड़ में आठ माह पुरानी रंजिश के चलते छह युवकों ने गांव के एक युवक धीरज को चाकुओं से तीन बार गोद दिया। इसके बाद भी मन नहीं भरा तो फायरिंग कर दी, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण वह बच गया। उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया। मामले की सूचना पाकर आईएमटी थाना पुलिस पीजीआई पहुंची, लेकिन देर रात तक मामला दर्ज नहीं हो सका था।
घायल धीरज का आरोप है कि गांव के कुछ युवक उसके घर के बाहर गाली गलौज करते थे, जिसके लिए उन्हें कई बार टोक दिया था। इसी बात को लेकर 8 माह पहले दो बार झगड़ा भी हुआ। झगड़े में पंचायती तौर पर राजीनामा भी हो गया। बावजूद इसके आरोपी उससे रंजिश रखे हुए थे।
मंगलवार शाम साढ़े सात बजे धीरज की पत्नी, बेटी और मां बाजार में सामान लेने गई हुई थी। छोटा भाई खेलने गया हुआ था। जबकि पिता बाहर थे। वह घर पर अकेला था। इसी दौरान आरोपी घर में घुस आए। आरोपियों के हाथों में धारदार हथियार सहित पिस्तौल थी। घर में घुसते ही उन्होंने दरवाजा बंद कर दिया और गाली-गलौज व मारपीट करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से दो बार कूल्हे और एक वार पैर पर वार किया। इसके अलावा भी उसके शरीर पर कई जगहों पर चाकू मारे। चिल्लाने पर आरोपियों ने पिस्तौल से उस पर फायर किया, लेकिन निशाना चूक जाने के कारण वह बच गया। आरोप है कि इसके बाद उसकी छाती पर पिस्तौल अड़ा दी, लेकिन ट्रिगर नहीं दबा। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। यह देख आरोपी दरवाजा खोल कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। स्थानीय निवासी व परिजनों ने उसे पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में दाखिल कराया। मामले की सूचना पाकर आईएमटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक बयान दर्ज नहीं हो सके थे।
अभी घायल के बयान नहीं लिए हैं। जैसे ही बयान दर्ज होंगे, तत्काल मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रमोद गौतम, आईएमटी थाना प्रभारी