रोहतक। गांव बोहर निवासी मनीष पर आईटीआई के गेट पर हमला करने के आरोपी गांव पास्कमां निवासी प्रदीप राणा उर्फ रामपत को पुलिस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन में रिमांड पर भेजा है। अर्बन स्टेट थाना प्रभारी बलवंत सिंह के अनुसार दोनों ही युवक आईटीआई के पूर्व छात्र हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आईटीआई में साथ पढ़ने वाली छात्रा को मनीष ने बहन बनाया था। वहीं आरोपी प्रदीप उस छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था और छेड़छाड़ करता था। मनीष ने आरोपी को ऐसा करने से रोका था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसी बात की रंजिश में प्रदीप सात अक्तूबर को आईटीआई में घुसकर मनीष पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी प्रदीप राणा उर्फ रामपत को गिरफ्तार किया था। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू और बाइक बरामद करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
शिकायत के अनुसार मनीष बस स्टैंड रोहतक में अप्रेंटिस करता है। वारदात वाले दिन वह आईटीआई में डिप्लोमा लेने गया था। इसी दौरान आईटीआई में कुछ युवकों ने मनीष पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। उसे पीजीआई में भर्ती कराया गया था। घायल युवक के भाई दीपक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि प्रदीप भी आईटीआई से पासआउट है। वारदात वाले दिन प्रदीप साथियों के साथ वहां घूम रहा था। इसके बाद मनीष पर रंजिशन हमला किया था।