रोहतक। शहर के गढ़ी माजरा इलाके में देर रात करीब एक बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक पर फरसे से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। गढ़ी माजरा निवासी राजो और रोशन लाल ने बताया कि उसका 42 वर्षीय बेटा राजा मंगलवार रात घर पर था। इस दौरान तीन हथियारबंद युवक जबरन घर में घुस आए। दरवाजा खोलकर अंदर आए युवकों में से एक ने फरसे से राजा के सिर पर वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर बचाव के लिए बाहर आए तो हमलावर भाग गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घायल को लेकर पीजीआई पहुंची। यहां देर रात तब उसका इलाज चल रहा था।
मदीना में युवक पर तलवार से हमला, घायल
रोहतक। मदीना में बाइक सवार दो युवकों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया। हाथ पर तलवार लगने से युवक घायल हो गया। देर रात तक उसका पीजीआई में इलाज चल रहा था। पीजीआई में घायल के परिजनों ने बताया कि मदीना निवासी 28 वर्षीय अमित मंगलवार रात घर की बैठक में बैठा था। इस दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और आते ही एक ने अमित पर तलवार से वार कर दिया जो उसके हाथ में लगा। इस दौरान दूसरा युवक बाइक स्टार्ट करके बाहर खड़ा रहा। हमला कर आरोपी युवक बाइक पर भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल को लेकर पीजीआई पहुंचे।
संदिग्ध हालात में युवक घायल
ऐसे ही अटायल निवासी जोगिंदर संदीप परिस्थितियों में घायल हो गया। इसकी गर्दन पर गहरा घाव है। बताया जा रहा है कि इसने अपनी ही गर्दन पर चाकू से वार कर लिया। गंभीर हालत में उसे भर्ती कराया गया। देर रात तक उसका इलाज चल रहा था।