भिवानी रोड स्थित हडवारे में सीसीटीवी कैमरे लगाने, जांच की अनुमति देने और चहारदीवारी ऊंची कराने की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर सैकड़ों गोरक्षकों ने प्रदर्शन किया। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी लौटे।
जनता कॉलोनी निवासी हरिओम पंडित ने बताया कि नगर निगम की तरफ से भिवानी रोड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट के नजदीक खुले में हडवारा बनाया हुआ है, जहां हर रोज 8 से 10 पशुओं का ठेकेदार मांस उतारता है। इसमें गोवंश भी होता है। हडवारे की चहारदीवारी ऊंची नहीं है। ऐसे में मृत गोवंश को देखकर लोगों की भावनाएं आहत होती हैं। मामले को लेकर 150 से 200 गोरक्षक पहले भिवानी रोड स्थित जनसेवा संस्थान में एकत्रित हुए। वहां से प्रदर्शन करते हुए हडवारे तक पहुंचे, जहां पुलिस ने आगे जाने से रोक दिया।
निगम के संयुक्त आयुक्त मौके पर पहुंचे
शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने मांगों को निगम प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिया, लेकिन प्रदर्शन कारी निगम अधिकारियों को बुलाने पर अड़ गए। सूचना पाकर निगम के संयुक्त आयुक्त भूपेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि निगम हडवारे का लाइसेंस दिखाए। हड़वारे की दीवार 12 फीट तक ऊंची की जाए, बाहर बड़ा गेट लगवाया जाए, चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, गोरक्षकों को कैमरों की जांच की अनुमति दी जाए, सफाई का ध्यान रखा जाए और गोवंश को अच्छी तरह से दफनाया जाए। एक सप्ताह में मांग पूरी नहीं हुई तो दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
निगम के संयुक्त आयुक्त ने बताया कि निगम ने मृत पशुओं का ठेका दिया हुआ है। जल्द हडवारे की दीवार ऊंची करवाई जाएगी। इसके बाद गोरक्षक शांत होकर चले गए। प्रदर्शनकारियों में हिसार रोड निवासी सुमित, बहुअकबरपुर निवासी संदीप, हिसार बाईपास स्थित शास्त्री नगर निवासी सुधीर, डोभ निवासी बल्लू व टिटौली निवासी विक्रांत सहित अन्य सैकड़ों युवा शामिल रहे।
-फोटो 58 : कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्यातिथि डॉ. राजेश कुमार व साथ मौजूद प्राचार्य। स्रोत कॉ