रोहतक। जिले के गांव निडाना में गली से गुजरते समय दो चचेरे भाइयों का आपस में कंधा टकराने से झगड़ा हो गया। दो भाइयों ने मिलकर एक भाई को पीट-पीट कर घायल कर दिया। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक निडाना गांव निवासी महेंद्र (30) ने दी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है, जबकि छोटा भाई नरेश दिल्ली परिवार सहित रहता है। वह भी दिल्ली काम करता है, लेकिन परिवार गांव में ही रहता है। पड़ोस में उसके ताऊ का लड़का दिनेश व सागर का परिवार रहता है। छोटी-छोटी बातों को लेकर उसकी पत्नी को परेशान किया जाता है। रात करीब साढ़े आठ बजे वह घर आया तो अंधेरा होने के कारण सामने से आ रहे दिनेश को कंधा लग गया। इसी बात पर गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर दिनेश व सागर ने मारपीट शुरू कर दी। दिनेश ने लाठी मारकर उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके अलावा उसकी पत्नी के साथ भी दूसरे पक्ष ने मारपीट की। घायल महेंद्र को सिविल अस्पताल रोहतक ले जाया गया, जहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।