रोहतक। न्यू राजेंद्रा कॉलोनी के ज्योति हत्याकांड में आरोपी ससुर रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर राजबीर सिंह का पुलिस पॉलीग्राफ टेस्ट कराएगी। शुक्रवार को जेएमआईसी अमनदीप की अदालत ने इसकी अनुमति दे दी। आरोपी एसआई को भी टेस्ट कराने से एतराज नहीं है। यह टेस्ट मधुबन पुलिस अकादमी स्थित लैब में होगा।
आठ दिन पहले न्यू राजेंद्रा कॉलोनी निवासी विवाहिता ज्योति (32) का शव घर के आंगन में लहूलुहान हालत में मिला था। ससुराल पक्ष का कहना था कि ज्योति की मौत छत से गिरने से हुई है जबकि मृतका के पिता पवन का आरोप था कि बेटी की मौत हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत हत्या की गई है।
पुलिस ने पति कृष्ण, सास रानी व ससुर रिटायर्ड एसआई राजबीर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की थी। आठ दिन बाद भी पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या का कोई सबूत नहीं ढूंढ सकी है। ऐसे में कोर्ट में अर्जी दायर करके पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की थी। जांच अधिकारी एसआई निकेश अहलावत का कहना है कि जल्द मधुबन लैब में पत्र भेजकर टेस्ट के लिए दिन तय करने की मांग की जाएगी।