नारनौल। नगर परिषद हाउस की बैठक लंबे समय से नहीं होने के कारण शहर के वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसको लेकर पार्षदों में भी रोष बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि कई विकास कार्य अधूरे पड़े हैं जबकि पहले हाउस बैठकों में प्रस्तावित कार्यों पर भी कोई चर्चा नहीं हो पा रही है।
वार्ड पार्षद देवेंद्र, रविंद्र भाखर, नीलम, सुभांता, प्रीति, आशा यादव और नितिन चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नगर परिषद हाउस की बैठक नियमित रूप से होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शहर के वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए हर महीने बैठक आयोजित की जानी चाहिए लेकिन पिछले करीब पांच महीनों से बैठक नहीं बुलाई गई है जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं।
पार्षदों का कहना है कि उनके कार्यकाल का अब केवल एक वर्ष शेष बचा है। ऐसे में यदि समय पर बैठकें नहीं होंगी तो वे अपने वार्डों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कर पाएंगे। इससे जनता को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने नप प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नगर परिषद हाउस की बैठक बुलाई जाए ताकि लंबित विकास कार्यों पर चर्चा कर उन्हें पूरा कराया जा सके।
चार सालों में अब तक हुई केवल नौ बैठक
पार्षदों के अनुसार 16 जुलाई 2022 को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ था। इसके बाद नप हाउस की पहली बैठक 9 सितंबर 2022 काे हुई। इसके बाद दूसरी बैठक 28 अगस्त 2023, तीसरी 18 सितंबर 2023, चौथी 31 जनवरी 2024, पांचवीं 11 मार्च 2024, छठी 6 अगस्त 2024, सातवीं 11 दिसबंर 2024, आठवीं 27 फरवरी 2025 व अंतिम नौवीं बैठक 31 अक्तूबर 2025 को आयोजित की गई थी। नियमानुसार नप हाउस की बैठक हर महीने होनी चाहिए।
वर्जन:
नगर परिषद हाउस की बैठक वैसे नियमित होनी चाहिए लेकिन विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जा रही है। आने वाले कुछ दिनों में जल्द ही हाउस की बैठक आयोजित की जाएगी। वैसे एफसीसी की बैठक नियमित रूप से हो रही है और विकास कार्य समान रूप से करवाए जा रहे हैं। -
कमलेश सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद, नारनौल।