रोहतक। नगर निगम के बहाने कांग्रेस और भाजपाइयों के बीच सियासी माहौल शनिवार को भी गरम रहा। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा के आग्रह पर मेयर मनमोहन गोयल ने मंगलवार की बजाए सोमवार को हाउस की मीटिंग तय की थी, लेकिन शनिवार शाम पांच बजे भाजपा के 14 पार्षद मेयर के आवास पर पहुंचे और मीटिंग को रद्द करवा दिया।
पार्षदों कहा कि वे हाउस की मीटिंग में नहीं आएंगे। देर रात मेयर मनमोहन गोयल ने पार्षदों को पत्र जारी किया कि अब हाउस की मीटिंग 10 की बजाए 18 फरवरी को होगी, जिसमें निगम के बजट को भी पास किया जाएगा। खास बात यह रही कि पार्षदों के साथ हुई मीटिंग में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल भी मौजूद रहे।
मेयर मनमोहन ने निगम आयुक्त से फाइल मिलने के बाद 11 फरवरी की मीटिंग तय की थी, लेकिन कांग्रेस पार्षद कदम सिंह अहलावत ने मेयर को संदेश भिजवाया कि कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा और शकुंतला खटक भी हाउस की मीटिंग में शिरकत करेंगे। मंगलवार को उनको बाहर जाना है। ऐसे में सोमवार की मीटिंग रखी जाए। यहां तक मेयर से कांग्रेस विधायक बीबी बतरा ने भी बात की। विधायक के आग्रह पर मेयर ने 10 फरवरी की मीटिंग रख दी। इसी बीच शुक्रवार को कांग्रेस विधायक बतरा ने भाजपा की पूर्व मंत्री कविता जैन और मनीष ग्रोवर के खिलाफ अम्रुत प्रोजेक्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाकर सियासी माहौल गरम कर दिया। ग्रोवर ने भी दिल्ली चुनाव में व्यस्त होने के बावजूद पलटवार किया। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को दिल्ली चुनाव से फ्री होकर ग्रोवर रोहतक पहुंचे। शाम पांच बजे भाजपा समर्थक पार्षदों को मेयर मनमोहन गोयल के आवास पर हाउस की मीटिंग के चलते बुलाया गया।
पूर्व मंत्री के आगे मेयर से बोले, भाजपाई पार्षद सोमवार को हैं बाहर
मेयर मनमोहन गोयल के आवास पर शनिवार शाम पांच बजे हुई मीटिंग में वार्ड नंबर 1 से पार्षद कृष्ण सहरावत, 2 से सुमन सैनी के पति सुरेश सैनी, 3 से तिलकराज चौहान के प्रतिनिधि, 4 से धर्मेंद्र गुलिया उर्फ पप्पन, 5 से गीता, 6 से सुरेश किराड़, 9 से जयभगवान ठेकेदार, 13 से कंचन खुराना के पति अशोक खुराना, 14 से पार्षद जयभगवान ठेकेदार, 16 से डिंपल जैन के पति अमित जैन उर्फ जोजी, 17 से राजकमल सहगल के प्रतिनिधि, 18 से दीपिका नारा के प्रतिनिधि प्रदीप नारा, 19 से मुक्ता नागपाल के प्रतिनिधि दीपू नागपाल व 20 से पूनम किलोई के पति सूरजमल किलोई पहुंचे। साथ ही पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल भी पहुंचे। सबसे पहले पार्षदों ने सवाल उठाया कि पहले 11 फरवरी की मीटिंग तय हुई थी, जिसे बाद में 10 फरवरी का कर दिया गया। पार्षदों ने तर्क दिया कि सोमवार को किसी को शादी को किसी को पंचायत में जाना है। वे मीटिंग में नहीं आ पाएंगे। पूर्व मंत्री की मौजूदगी में पार्षदों के सवालों का जवाब देते हुए मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि जब कोरम पूरा नहीं होगा तो मीटिंग रद्द हो जाएगी। वे निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा से बात करते हैं। देर रात निगम के अधिकारी सक्रिय हुए। पत्र तैयार करके हस्ताक्षर के लिए आयुक्त के आवास पर ले जाया गया। देर रात तक पत्र पर हस्ताक्षर नहीं हुए थे।
.....
18 फरवरी को बजट को पास कराने के साथ सीनियर व डिप्टी मेयर का चुनाव कराने की भी तैयारी
मेयर के आवास पर पहुंचे भाजपा पार्षदों ने पूर्व मंत्री के सामने सीनियर व डिप्टी मेयर के चुनाव का मामला उठाया। बताया कि उनके कार्यकाल को एक साल से ज्यादा का समय हो गया है। बावजूद इसके अभी तक चुनाव नहीं कराए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि ग्रोवर ने कहा कि मेयर जल्द चुनाव कराएं। मेयर ने कहा कि पार्टी से अनुमति ली जाए। इस पर जिला अध्यक्ष अजय बंसल ने कहा कि पार्टी संगठन के चुनाव चल रहे हैं। इस पर पार्षदों ने कहा कि यह संगठन का नहीं, मेयर के सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव है। आखिर में तय हुआ कि भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल जल्द पार्टी में बात करके बताएंगे। संभव हुआ तो 18 फरवरी को होने वाली हाउस की संभावित मीटिंग में ही सीनियर व डिप्टी मेयर का चुनाव करा लिया जाए। उसी दिन हाउस की सामान्य मीटिंग से पहले बजट को लेकर पार्षदों की मीटिंग होगी।
..........
मैंने मेयर से आग्रह किया था कि 11 की बजाए 10 फरवरी को हाउस की मीटिंग रखी जाए। ताकि शहरवासियों की समस्याआें को भी हाउस के अंदर उठा सकें। मेयर ने आग्रह मान लिया था। अब पत्र आया है कि मीटिंग रद्द करके 18 फरवरी की रख दी गई है। 17 फरवरी से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है। लगता है भाजपाई मेरे हाउस की मीटिंग में आने की आहट से भाजपा नेताओं में घबराहट हो गई। इस कारण सोमवार की मीटिंग रद्द की गई है।
भारत भूषण बतरा, विधायक कांग्रेस
.......
मेरे आवास पर पूर्व मंत्री ग्रोवर और भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल की मौजूदगी में 14 भाजपाई पार्षदों की मीटिंग हुई। मीटिंग में पार्षदों ने सोमवार की मीटिंग में आने से इनकार किया। कहा कि किसी के घर शादी है तो किसी को बाहर निजी कार्य से जाना है। ऐसे में मीटिंग 10 की बजाए 18 फरवरी को रख दी। उसी दिन बजट को लेकर भी हाउस की मीटिंग होगी।
मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम
भाजपाई पार्षदों ने बतरा के खिलाफ किया प्रदर्शन, कांग्रेसियों ने किया पलटवार
रोहतक। शहर की सियासी माहौल में भाजपा और कांग्रेसी नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब निगम पार्षद और समर्थक आमने-सामने आ गए हैं। भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अंबेडकर चौक पर कांग्रेस भवन के सामने कांग्रेस विधायक बीबी बतरा का पुतला फूंक कर विरोध जताया, जबकि कांग्रेस समर्थक पार्षदों ने बयान जारी कर पलटवार किया।
भाजपाई बोले- कांग्रेसी बाहरी कॉलोनियों में विकास के विरोधी
शनिवार को दोपहर बाद भाजपाई आंबेडकर चौक पर पहुंचे और विधायक बतरा का पुतला फूंका। भाजपाइयों का कहना है कि कांग्रेस नेता बाहरी कॉलोनियों में विकास कार्यों के विरोधी हैं। इसलिए अमरुत प्रोजेक्ट पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि प्रोजेक्ट के तहत भाजपा सरकार लोगों को सीवरेज व पेयजल की सुविधाएं देने जा रही है। प्रदर्शन करने वालों में भाजपा के व्यापारी नेता राजू भुटानी, जिला महामंत्री सतीश आहुजा, महामंत्री धर्मवीर शर्मा, निगम पार्षद सुरेश किराड़, पार्षद गीता, पार्षद सुमन सैनी, पार्षद पति दीपू नागपाल, जिला सचिव जितेंद्र अत्री, भाजपा एससी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रवि चौहान, उपाध्यक्ष मंगल आदिवाल, पार्षद पति सुरेश सैनी, पूर्व सरपंच उदय भान, सूरत सिंह खटक, युवा मोर्चा से जॉनी सरोहा शूरसेन मंडल से कविता इंदौरा, अजय धनखड़, प्रशांत राणा भी मौजूद रहे।
..............
कांग्रेस समर्थक पार्षद बोले- ग्रोवर मुद्दों को न भटकाएं
उधर, भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस समर्थक पार्षद गुलशन ईश पुनियानी, कदम सिंह अहलावत, पूर्व डिप्टी मेयर अशोक भाटी, पूर्व पार्षद नौरातामल भटनागर और पूर्व पार्षद संजय दलाल ने एक संयुक्त बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि पांच साल बड़े पैमाने पर प्रदेश में गड़बड़ी हुई है। एक दिन पहले कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने पूरे तथ्यों और सबूतों के साथ खुलासा किया। साथ ही वे पूर्व मंत्री ग्रोवर के कारनामों को विधानसभा के सामने रखेंगे, लेकिन पूर्व मंत्री आज भी बेवजह के बयान देकर सच्चाई को झुठलाने का नाकाम प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की शुगर मिलों को, रोहतक के नगर निगम को लूट कर और गांधी कैंप को बर्बाद कर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने रोहतक और प्रदेश की जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। जनता उनके हिसाब मांग रही है। इसलिए यह जरूरी है कि ग्रोवर इन आरोपों का सामना करें। बेकार की बयानबाजी से भाजपा अपने गुनाहों को नहीं छुपा सकती।