Corona's active cases declined in the last seven days
- फोटो : RohtakCity
सीएम मनोहर लाल ने कहा है कि पूरे देश और दुनिया में कोरोना थम नहीं रहा है, कभी-कभी तो काफी चिंताजनक समाचार आते हैं। लेकिन पिछले सात दिनों के दौरान हरियाणा में कोरोना के एक्टिव केसों के ट्रेंड में गिरावट आई है। वह सर्किट हाउस में मीटिंग के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि उन्होंने खानपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और मरीजों से बात की है। यहां भी पीजीआई और प्रशासन से जानकारी ली है। सब कुछ नियंत्रण में है। जो अनुमान लगाए गए हैं, उनके हिसाब से भी आवश्यक तैयारी कर ली गई है। चाहे वह आईसीयू, बेड और ऑक्सीजन क्यों न हो। कोरोना पर उन्होंने कहा कि किसी ने अनुमान नहीं लगाया था कि ऐसे फेज से निकलना पड़ेगा। लेकिन अब नए सिरे से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ आर्थिक गतिविधियां और संस्थान शुरू हो रहे हैं। बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा दी जा रही है, परीक्षा की भी पद्धति तैयार की जा रही है। इसी को देखते हुए फसलों की खरीद के लिए 400 की जगह 1800 खरीद केंद्र बनाए गए, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो। हम तो यही चाहते हैं कि जल्द से जल्द कोरोना खत्म हो ताकि सामान्य गतिविधियां शुरू हो सकें। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि कोरोना से मरने वालों की मदद का सरकार के पास कोई केस नहीं है। ऐसे मामलों में विभिन्न सरकारी स्कीमों के तहत मदद की जाती है। इस मौके पर पूर्वमंत्री मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, जिला भाजपा प्रधान अजय बंसल, शमशेर खरकड़ा, जिप चेयरमैन सतीश भालौट, शमशेर खरक समेत भाजपा के तमाम नेता मौजूद थे।