जिले में 97 नए मरीजों के साथ कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 5297 पहुंच गई है। इसमें से 4183 अब तक कोरोना वायरस से अपने जीवन की जंग जीत चुके हैं और 56 उपचार के दौरान दम तोड़ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कोरोना उपचार के दौरान दो और मौत की पुष्टि की है। जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 1058 हो गई है। इसमें से 27 मरीज पीजीआईएमएस में भर्ती हैं तो 1031 होम आइसोलेशन पर हैं। विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में 4.7 प्रतिशत लोगों को संक्रमण मिल रहा है। इससे पहले हुए सीरो सर्विलांस में 1.1 प्रतिशत में संक्रमण मिला था। बुधवार को रिकवरी रेट बढ़कर 79 प्रतिशत पहुंच गया। रिकवरी रेट को लेकर स्वास्थ्य विभाग राहत की सांस ले रहा है कि नए मरीजों की पुष्टि के साथ मरीज ठीक भी हो रहे हैं।
कोरोना वॉरियर परिवार सहित संक्रमण की चपेट में
पीजीआईएमएस के कई डॉक्टर, नर्स, स्टाफ लगातार संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। संक्रमण इस स्तर पर पहुंच गया है कि सुपरस्पेशयलिटी विभाग के डॉक्टर व स्टाफ भी इससे अछूते नहीं हैं। संस्थान में सुपरस्पेशयलिटी विभाग के एक सीनियर प्रोफेसर, उनका बेटा, माता-पिता सहित उनके बड़े भाई पीजीआईएमएस के सीनियर डॉक्टर व उनकी डॉक्टर पत्नी भी संक्रमण की चपेट में हैं। पूरा परिवार लगातार शुरुआत से ही कोरोना मरीजों का उपचार करता आ रहा है। नाम न छापने की शर्त पर डॉक्टर परिवार ने बताया कि वह ठीक हैं, बुजुर्ग माता-पिता की अधिक चिंता है। बाकी वह सभी गाइडलाइन को पालन कर रहे हैं और ठीक होते ही एक बार फिर मरीजों की सेवा के लिए आ जाएंगे।