सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में साथ निभाने वाली जीवनसंगिनी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी अपने जीवनसाथी के साथ कदम से कदम मिलाया। एमडीयू में दीक्षांत समारोह को लेकर भले ही विद्यार्थियों को पांच साल का इंतजार करना पड़ा, लेकिन रविवार को हुआ दीक्षांत समारोह कुछ अनूठी यादें छोड़ गया। समारोह के वो खूबसूरत पल उन विद्यार्थियों के लिए साक्षी बने, जिन्होंने कड़ी मेहनत के बाद एक साथ यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि इसमें पति-पत्नी के अलावा सगी बहनें और पिता-पुत्री भी शामिल रहीं।
शिखा और शैरी को भी डिग्री
समारोह के दौरान हिंदू कॉलेज की लेक्चरार शिखा को भी अंग्रेजी में पीएचडी की उपाधि मिली तो उनकी छोटी बहन शैरी ने मैनेजमेंट में पीएचडी की डिग्री ली। एमडीयू के अंग्रेजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एसपी दहिया की यह दोनों बेटियां डिग्री लेकर खुशी से झूम उठीं।
जिनेंद्र और प्रीति ने भी ली पीएचडी की डिग्री
पानीपत के रहने वाले जिनेंद्र जैन और प्रीति जैन की कुछ महीने पहले ही शादी हुई है। रविवार का दिन इस नव दंपति के लिए सुनहरी यादें छोड़ गया। जिनेंद्र और प्रीति ने माइक्रोबायोलॉजी में पीएचडी में डिग्री हासिल की।
डिग्री मिल फूले नहीं समाया दंपति
सीआरए कॉलेज सोनीपत में अंग्रेजी विभाग में एसोसिएट प्रो. नरेश राठी और उनकी पत्नी अनु अहलावत को भी वर्ष 2016 की पीएचडी डिग्री मिली। दोनों एक ही कॉलेज और एक ही विभाग में कार्यरत हैं। एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर रहते हुए उन्होंने यह डिग्री हासिल की।
डॉ. खटकड़ और उनकी पत्नी को भी मिली डिग्री
समारोह में फार्मेसी डिपार्टमेंट के डॉ. अनुराग खटकड़ और उनकी पत्नी सरिता को भी पीएचडी की डिग्री मिली। एक साथ डिग्री मिलने के बाद पति-पत्नी में खुशी का माहौल था। डॉ. अनुराग को 2013 और उनकी पत्नी को 2017 के लिए यह डिग्री मिली है।
डॉ. अनिल और उनकी पत्नी भी झूमे
दीक्षांत समारोह में डॉ. अनिल कुमार और उनकी पत्नी डॉ. सुनीता को भी हिंदी में पीएचडी की डिग्री मिली। डॉ. अनिल को वर्ष 2016 और डॉ. सुनीता को वर्ष 2015 के लिए यह डिग्री मिली है। इस उपलब्धि के बाद दोनों फूले नहीं समा रहे हैं।
मास्टर ट्रेनर निकिता को मिला गोल्ड मेडल
पावर लिफ्टिंग में मास्टर ट्रेनर निकिता गर्ग को भी एमटेक सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल मिला। एमडीयू के अंतरराष्ट्रीय रेफर प्रो. आरपी गर्ग की बेटी निकिता का कहना है कि वह खुद का सॉफ्टवेयर तैयार करना चाहती है, जिससे मास्टर ट्रेनर के क्षेत्र में आगे बढ़ सके।
... जब ‘सुल्तान’ के पिता को भी मिली पीएचडी की डिग्री
समारोह के दौरान सुल्तान फिल्म में अभिनेता सलमान खान के पिता की भूमिका निभाने वाले नवीन ओहल्याण को भी एजुकेशन में पीएचडी की डिग्री मिली। इस उपलब्धि का श्रेय वह अपने गुरुओं और स्टाफ को देते हैं।
पिता को पीएचडी की डिग्री, बेटी को गोल्ड मेडल
एमडीयू में कॉमर्स डिपार्टमेंट के डॉ. तिलकराज को भी वर्ष 2015 के लिए पीएचडी की डिग्री मिली। उनकी बेटी पूजा ने कॉमर्स डिपार्टमेंट में एमकॉम ऑनर्स के लिए गोल्ड मेडल पाया। दोनों पिता-पुत्री एक साथ डिग्री मिल भावुक हो गए। डॉ. तिलकराज का कहना है कि उनकी इस उपलब्धि का श्रेय गुरु प्रो. नरेंद्र कुमार को जाता है।