रोहतक। विश्वकर्मा शिक्षण संस्थान की मतदाता सूची पर विवाद उभर आया है। मतदाता सूची पर 16 दावे व आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। अब बुधवार को इनके समाधान के बाद अगली कार्रवाई हो पाएगी। यही नहीं, चुनावी शेड्यूल में बदलाव की आशंका है।
मंगलवार को संस्था के चुनावी कार्यक्रम के तहत दावे व आपत्तियां दर्ज कराने का अंतिम दिन रहा। चुनाव कार्यालय में शाम तक 16 शिकायतें पहुंची। इनमें चुनावी शेड्यूल कम होने, नए 511 वोटरों के नाम जोड़ने समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं। इस मामले में बुधवार को जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में सुनवाई होनी है। यहां फैसले के बाद आपत्तियों के निपटाने व चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। यही नहीं, चुनावी शेड्यूल में बदलाव के साथ चुनाव प्रक्रिया का समय बढ़ाया जाने की प्रबल संभावना है। फिलहाल निर्वाचन कार्यालय व समाज के लोगों को जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में होने वाली सुनवाई में फैसले का इंतजार है। इसके बाद अगला कदम उठाया जाएगा।