22 लघु सचिवालय में अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त को पत्र सौंपने पहुंचे ठेकेदार। स्रोत : ठेकेदार
रोहतक। झज्जर रोड स्थित जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में सोमवार को ठेकेदारों ने प्रदर्शन किया। मांगों के समाधान का जवाब न मिलने के बाद ठेकेदरों ने उपायुक्त सचिन गुप्ता को ज्ञाप सौंपा। मांग की है कि समय पर भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायालय वाले ठेकेदारों को बजट जारी करना सभी के समानता के अधिकार और प्रशासनिक न्याय के हनन का विषय है।
ठेकेदार सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि 27 सितंबर को उपायुक्त से ठेकेदारों की बातचीत हुई थी जिसमें उपायुक्त ने विश्वास दिलाया था कि उनकी बात प्रमुख अभियंता से हो गई है। अक्तूबर के पहले सप्ताह में सभी की भुगतान प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। विभाग ने चार अक्तूबर को 259.20 लाख रुपये की एलओसी-बजट डिविजन नंबर-2 को जारी किया। यह राशि केवल उन ठेकेदारों के भुगतान के लिए उपयोग की जा रही है जिन्होंने विभाग के विरुद्ध न्यायालय में केस दायर कर रखा है।
सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि विभागीय अभिलेखों में कुछ अधिकारियों ने बिना जांच के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है जबकि पूर्व में सभी ठेकेदारों को समान अनुपात में भुगतान दिया गया। वर्तमान में एलओसी के अंतर्गत केवल कोर्ट केस वालों को लाभ देना जबकि अन्य का भुगतान ना देना मनमानी एवं पक्षपात पूर्ण कार्यवाही होगी।
सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि अगर उनकी सुनवाई न हुई तो वह प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर काली दिवाली मनाएंगे। किसी भी आगामी कार्रवाई के लिए विभाग और जिला प्रशासन जिम्मेदार होंगे। इस दौरान ललित, पंकज, राजकुमार, शिव कुमार, टिंकू सैनी, नरेश, अमित, ललित डाबोडिया, सुभाष, नरसी व राजदीप आदि मौजूद रहे।
संवाद