किला रोड बाजार में फैला गंदा पानी । संवाद
रोहतक। किला रोड पर सीवर ओवरफ्लो होने से दुकानदार और ग्राहक परेशान हैं। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों को खोलने में परेशानी आती है साथ ही ग्राहक भी बाजार में आने से कतराता है। बुधवार को बाजार में दूषित पानी से जलभराव होने पर व्यापारियों में काफी रोष नजर आया। व्यापारियों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
किला मार्केट प्रधान सुनील बोंटरा, व्यापारी ओमप्रकाश, जयप्रकाश, अनुराग, पवन समेत अन्य लोगों ने बताया कि सुबह के समय दुकानों को खोलने के लिए पहुंचते हैं तो बहुत सी दुकानों के बाहर सीवर का दूषित पानी जमा हो जाता है। इसके चलते दुकानें खोलने का भी मन नहीं करता। सीवर के अंदर की सारी गंदगी बाहर निकल आती है, जो काफी दिनों तक दुकानों के बाहर जमा रहती है। इसके चलते बाजार फिर बाजार नहीं रह जाता, इतना बुरा हाल हो जाता है जैसे किसी गंदगी के ढेर पर दुकानें बना ली हों। दूषित पानी जमा होने से बाजार बाजार नहीं लगता। ग्राहकों का भी सामान लेने का मन नहीं करता।
पहले भी कर चुके शिकायत नहीं हो रहा स्थायी समाधान
दुकानदार जसप्रीत ने बताया कि समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को एक बार नहीं बहुत बार अवगत करवा चुके है। लेकिन यहां का स्थाई समाधान नहीं करवाया जा रहा है। कभी- कभार ही सफाई की जाती है। लेकिन मशीन के द्वारा जब तक सफाई नहीं ही जाएगी। यहां का स्थायी समाधान नहीं होगा। हर रोज तीन से चार हजार ग्राहक यहां सामान खरीदने के लिए आते है। जिनको काफी परेशानी होती है।
शाम के समय समस्या की जानकारी मिली है। सुपरवाइजर को मौके पर भेज दिया गया है। बहुत बार ऐसा होता है, साथ से निकल रहे निगम के नाले का पानी भी ओवरफ्लो होकर मार्केट में चला जाता है। अगर सीवर की समस्या ही बनी हुई है तो साफ करवा दिया जाएगा। आगे भी व्यापारियों को सीवर से संबंधित समस्या से परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
प्रदीप एसडीओ, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग