शिवाजी कॉलोनी घरो में आए गंदे पानी को दिखातीं महिलाएं । संवाद
रोहतक। शहर के शिवाजी कॉलोनी एरिया में तिकोना पार्क के पास पिछले तीन दिन से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। ढाई हजार से ज्यादा की आबादी को बाहर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। 10 से ज्यादा बार पार्षद को शिकायत करने के बाद भी समस्या की सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने कहा जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।शिवाजी कॉलोनी निवासी प्रेम प्रकाश कत्याल, भारत भूषण, विजयपाल, मीनाक्षी, प्रोमिला, दयावंती समेत अन्य महिलाओं ने बताया कि पिछले तीन दिन से घरों में हो रही गंदे पानी की सप्लाई से पानी की टंकियों में भी गंदगी आ गई है। इसको लेकर घरों में लगे नल खराब होने का भी डर बना हुआ है। जिस समय पानी की सप्लाई आती है पानी में बदबू और मिट्टी साथ आती है। इसके चलते पूरे घर में बदबू का माहौल हो जाता है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी के टैंकर तक नहीं भिजवाए जा रहे हैं। जिसके चलते आमजन को बाहर से पानी खरीद कर लाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत घरों में बुजुर्गों को हो रही है, गंदे पानी की सप्लाई के चलते न तो नहाने को पानी है न हीं कपड़े धोने को। समय पर पानी का बिल भी दिया जाता है, उसके बावजूद भी सप्लाई में गंदा पानी दिया जा रहा है।
बॉक्स
दूरदराज लगे हैंडपंपों से भरकर लाना पड़ता है पानी
शिवाजी कॉलोनी के आसपास कहीं पर हैडपंप भी नहीं लगे हुए हैं। इसके चलते आमजन को बाइक व स्कूटी पर दूरदराज लगे हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ता है। इसके कारण समय की बर्बादी भी हो रही है और जेब पर भी अलग से प्रभाव पड़ रहा है। पार्षद व संबंधित विभाग का इस तरफ कोई ध्यान ही नहीं है। बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा तो वह ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाने पर मजबूर होंगे।
वर्जन
कॉलोनी के लोग कई बार खुद पानी के कनेक्शन करवा लेते हैं। इसके चलते कहीं न कहीं लीकेज रह जाती है गंदे पानी की सप्लाई शुरू हो जाती है। बहुत बार ऐसा होता है जल घर से मोटर भी गंदगी उठा लेती है। तभी इस तरह की समस्या होती है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- दीपू नागपाल, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड 19