रेवाड़ी। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने रविवार शाम शहर के वार्ड संख्या 31 के कुतुबपुर क्षेत्र में यशपाल यादव रिंकू की ओर से आयोजित चाय पर चर्चा में हिस्सा लिया। इस दौरान विधायक ने कहा कि रेवाड़ी और धारुहेड़ा बस स्टैंड का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि नौ माह से वह रेवाड़ी की छोड़ी बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए होमवर्क में जुटे हैं। कहा कि पिछले 50 वर्षों तक रेवाड़ी का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं ने इस शहर की ओर कभी ध्यान नहीं दिया। इसके चलते उन्हें रोज नई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्हें विधायक बने एक साल भी पूरा नहीं हुआ है। इतने छोटे से कार्यकाल में मेट्रो लाइन, ब्वॉयज कॉलेज का भवन, जिला लाइब्रेरी, नगर परिषद कार्यालय, सर्कुलर रोड़ की सड़क, धारुहेड़ा की ट्रेजरी, तिरंगा लाइटें जैसे कार्य कराएं गए हैं। इन सभी के अलावा ढेरों कार्य अभी पाइप लाइन में हैं, जिन पर तेजी से कार्य चल रहा है।
आगामी 15 अगस्त के पर्व के मद्देनजर सभी वार्डवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाए जाने का आह्वान करते हुए रेवाड़ी विधायक ने कहा कि रेवाड़ी सैनिकों की खान है। इस देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वालों को नमन करना हम सभी का कर्तव्य है।
इस मौके पर भाजपा नेता सत्यदेव यादव, दीपक मंगला, पार्षद कुसुम लता, दीपा भारद्वाज, संतोष यादव, नितेश अग्रवाल, नवीन शर्मा, रुचिका नागपाल मौजूद रहीं।