रोहतक। होली पर शहर में पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) भी तैनात रहेगी। सीआरपीएफ की टीमों को मुख्य चौक व चौराहों पर तैनात किया गया है। साथ ही 48 जगह होली पर संवेदनशील मानते हुए पुलिस शनिवार रात 12 बजे से रविवार सुबह 10 बजे और सोमवार को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक नाकेबंदी करेगी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु गर्ग ने बताया कि होली व फाग के दिन कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए शहर में प्रभावी रूप से नाकाबंदी और गश्त की जाएगी। रोहतक शहर में अलग-2 स्थानों को चिह्नित करते हुए 26 जगहों पर नाकाबंदी की जाएगी। महम, सांपला, कलानौर, लाखनमाजरा व ग्रामीण इलाकों में भी 25 मार्च को 18 जगह चिह्नित कर नाकाबंदी की जाएगी। नाकाबंदी के अलावा बाजार व भीड़-भाड़ वाले इलाकों में 28 पैदल पेट्रोलिंग पार्टी व पीसीआर, ईआरवी और राइडर निरंतर गश्त मौजूद रहेंगी। इसके अतिरिक्त 48 संवेदनशील इलाको मे पैदल पेट्रोलिंग लगाई है। कुछ शरारती तत्व बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर होली के दिन सड़कों पर हुड़दंग करते हैं और साइलेंसर से पटाखे की ध्वनि छोड़ते हैं। ऐसे हुड़दंग करने वालों के साथ पुलिस सख्ती से निपटेगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु व व्यक्ति की सूचना या किसी प्रकार की कोई दुर्घटना बारे या पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर संपर्क करे। आप अपने नजदीकी पुलिस थाना व चौकी में भी संपर्क कर सकते हैं।
सोमवार पीकर चलने वालों की होगी जांच, हर थाने में लगेगा नाका
पुलिस की तरफ से सोमवार को हर थाना एरिया में एक विशेष नाका लगाया जाएगा, जहां उपकरण के माध्यम से जांच की जाएगी कि किसी ने शराब तो नहीं पी रखी।
...
सीआरपीएफ की महिला बटालियन करेगी पेट्रोलिंग, पुरुष टीम चौकों पर रहेगी तैनात
शहर के अंदर सीआरपीएफ की दो बटालियन तैनात हैं। पुरुषों की टीम चौक व चौराहों पर तैनात रहेगी। नाके भी लगाए जाएंगे। जबकि महिला बटालियन की टीम भीड़भाड़ वाले बाजारों में गश्त करेंगी, जहां महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता किया जा सके।
...
जिले में 500 पुलिसकर्मी रहेंगे गश्त पर, थाना प्रभारी की रहेगी जिम्मेदारी
होली व फाग पर हर थाना प्रभारी को हिदायत दी गई है कि वे अपने एरिया में लगातार गश्त करें। मौजूद टीमों को क्षेत्र में भेजे। गश्त के साथ-साथ नाके लगाकर वाहनों की जांच भी करें। करीब 500 पुलिसकर्मी होली के पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे।