रोहतक। भाजपा के राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा का कहना है कि कांग्रेस नेता अभी से नौकरियां बेच रहे हैं। पार्टी के उम्मीदवार लगातार बयान दे रहे हैं कि हुड्डा 2 लाख नौकरी देंगे, इनमें 2 हजार का कोटा प्रत्याशी का भी है। जांगड़ा सोमवार को भाजपा के प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
जांगड़ा ने कहा, कांग्रेसी उम्मीदवार सत्ता में आते ही अपना और रिश्तेदारों का घर भरने की बात बोल रहे हैं, लेकिन भाजपा ने बिना पर्ची-खर्ची युवाओं को नौकरी दी और आगे भी दी जाएंगी। अग्निवीर जवानों को सरकारी नौकरी देंगे, जबकि कांग्रेस के नेता अन्याय और अत्याचार की प्रणाली दोहराने की बात कर रहे हैं। जांगड़ा ने कहा, कांग्रेस की दो जीभ हैं, कांग्रेस के नेता देश में कुछ और बालते हैं और विदेश में जाकर कुछ और बालते हैं। इस मौके पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक भी मौजूद रहे।