रोहतक। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार विधानसभा रोहतक, कलानौर और किलोई के नेताओं ने संयुक्त रूप से भाजपा सरकार के कुशासन, दमनकारी नीतियों और गांधी परिवार की सुरक्षा हटाए जाने के विरोध में बुधवार को सड़क से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय कैंपस के मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सचिवालय के भवन के अंदर जाने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर उपायुक्त आरएस वर्मा प्रदर्शनकारियों के पास मिलने आए, यहां कांग्रेसी नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक महम आनंद सिंह दांगी ने की। साथ में रोहतक से विधायक भारत भूषण बतरा, कलानौर से विधायक शकुंतला खटक एवं किलोई से जयदीप धनखड़ ने अपने समर्थकों के साथ इस प्रदर्शन में शिरकत की। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि देश की उन्नति और विकास में गांधी परिवार का अहम योगदान रहा है, देश इस परिवार के बलिदान को कभी भी नहीं भूल सकता। गांधी परिवार ने अपने दो सदस्यों को देश पर कुर्बान कर दिया है। पहले भी देश में कांग्रेस के अलावा दूसरी पार्टी की सरकारें रही हैं लेकिन सभी ने गांधी परिवार की अहमियत को समझा और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं किया। सभी ने कहा है कि वर्तमान प्रधानमंत्री राजनीतिक द्वेष भावना से प्रेरित होकर ऐसा कदम उठा रहे हैं और यह निंदनीय है, इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीबीआई, आरबीआई और नीति आयोग जैसी संस्थाओं का पूरी तरह से राजनीतिकरण कर दिया गया है और अपने स्वार्थ के अनुरूप इन्हें इस्तेमाल किया जाता है। इस मौके पर चक्रवर्ती शर्मा, गुलशन ईशपुनियानी पार्षद, कदम सिंह अहलावत, लोकेंद्र फोगाट उर्फ जोजो, अशोक भाटी, नौरातामल भटनागर, मोनू शर्मा, रोमी ग्रेवाल, सीताराम संचदेवा, पंकज सचदेवा, संजय दलाल, सुरेंद्र बतरा, देवेंद्र भारत, जितेंद्र दलाल, हेमंत बख्शी, सुनीता, गीता भारती, एडवोकेट रमेश खुराना, कुलदीप केडी आदि उपस्थित रहे।
नाकाम भाजपा सरकार नहीं दे पा रही स्वच्छ पेयजल : बतरा
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक भारत भूषण बतरा व विधायक शकुंतला खटक ने कहा कि सर्दियों का मौसम होने के बावजूद रोहतक शहर पानी के संकट से जूझ रहा है। पिछले पांच साल भाजपा सरकार की नाकामियों के चलते आज शहर का हर जल घर गंदगी से भरा है और प्रदेश सरकार उनकी सफाई करवाने से भी कतरा रही है। मनोहर सरकार हर मुद्दे पर नाकामयाब हुई है, केवल सत्ता के लालच में जोड़-तोड़ की सरकार बनाकर जनमत के साथ खिलवाड़ किया गया है। हर विभाग में घोटाला किया जा रहा है, इसकी अगर निष्पक्षता से जांच की जाए तो मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं के लिए परेशानी पैदा हो जाएगी। कलानौर से विधायक शकुंतला खटक ने कहा की आज प्रदेश का किसान अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है और मुख्यमंत्री अपने घमंड के चलते फरियादों को दरकिनार कर रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर करोड़ों रुपया खर्च करने वाली सरकार यथार्थ में महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं कर सकी। आम जन के हक के लिए कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाएगी, जरूरत पड़ी तो हर महीने या हर दिन विरोध प्रदर्शन करेंगे। महम से पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी ने कहा कि आज देश आर्थिक अराजकता की स्थिति से गुजर रहा है और भाजपा सरकार आरबीआई इमरजेंसी रिजर्व को खाली करने से भी नहीं चूक रही। भाजपा यह भूल गई है कि यह पैसा कोई काला धन नहीं अपितु देशवासियों के खून पसीने की कमाई है जिसे वह दोनों हाथों से लूटा रही है। किसान, व्यापारी और कर्मचारी समेत प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। रोहतक ही नहीं आज पूरा प्रदेश पीने के साफ पानी की समस्या से जूझ रहा है।
मोबाइल निकालता धरा युवक, पुलिस को सौंपा
हंगामे के दौरान एक युवक को जेब से मोबाइल निकालते समय धर लिया गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शिकायत कर्ता अपनी लिखित शिकायत आर्य नगर चौकी में आ कर दें तो वह अगली कार्रवाई करेंगे।
पेयजल समस्या का मुद्दा बना किया था प्रदर्शन
कांग्रेसी नेताओं ने पेयजल समस्या को मुख्य मुद्दा बना कर अपना विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपे गए ज्ञापन में कई मुद्दे थे, जिसमें पानी एक था। विधायक शकुंतला खटक ने अपने क्षेत्र में पेयजल समस्या को काफी जोश पूर्वक उठाया। कार्यकर्ताओं के जोश के आगे विधायक बतरा, खटक व पूर्व विधायक लघु सचिवालय के गेट पर चढ़ गए और नारेबाजी की। हालांकि मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई।
सुरक्षा व्यवस्था की खुल गई पोल
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की सूचना पुलिस प्रशासन को पहले थी, लेकिन प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय के गेट का ताला तोड़ कर कैंपस में प्रवेश कर गए। यही नहीं प्रदर्शनकारी सचिवालय के अंदर भी घुस गए और अंदर जा कर नारेबाजी की। किसी तरह पुलिस कर्मचारियों ने भवन में घुसे प्रदर्शनकारियों को बाहर निकाला। यहां गनीमत यह रही कि प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेसी नेता भवन के अंदर नहीं गए, इस वजह से भीड़ गेट पर ही रुक गई।
पांच साल में सड़क पर दिखे कांग्रेसी : ग्रोवर
रोहतक। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेसी नेताओं के विरोध प्रदर्शन पर चुटकी लेते हुए कहा है कि पांच साल में पहली बार कांग्रेसी नेता सड़क पर नजर आए हैं। ड्राइंग रूम की राजनीति करने वाले कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के लिए मौसम भी ठंड का चुना है ताकि उन्हें पसीना ना आए। कांग्रेसी विधायक गेट पर चढ़कर हल्ला कर बता रहे थे कि वह कितने अनुशासित हैं। सच्चाई यह है कि एक परिवार की परिक्रमा करने वाले नेता कभी भी जनता का भला नहीं कर सकते। आगामी पांच साल भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश की जनता के हित में कार्य करेगी।