रोहतक। केंद्र सरकार की ओर मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के नाम में परिवर्तन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को सरकार का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने के प्रयासों के विरोध में प्रदर्शन किया।
विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा को और सशक्त करने के बजाय कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा से जुड़ी योजनाओं को कमजोर कर रही है। आंबेडकर चौक स्थित कांग्रेस भवन में मनरेगा का नाम परिवर्तन के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता, ग्रामीण मजदूर और आम नागरिक एकत्रित हुए।
विधायक ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा गरीब, मजदूर और ग्रामीण भारत के लिए जीवनरेखा है लेकिन भाजपा सरकार इसे योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है। कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी इस ऐतिहासिक योजना के नाम में परिवर्तन करना भाजपा की गांधी विरोधी और गरीब विरोधी सोच को दर्शाता है।
इस दौरान पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, चक्रवर्ती शर्मा सदस्य ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी, राजबहादुर शर्मा, चांदवीर हुड्डा, सुलभ गुगनानी, निगम पार्षद विजय गोयल, निर्मला बल्हारा, राजदुलारी, मनमोहन आजाद, गुलशन जुनेजा, डॉ निर्मल बल्हारा व बलजीत राणा आदि मौजूद रहे।