संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविर में आई शिकायतों के समाधान की समीक्षा की। इसके बाद डीसी डीसी अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर में आई शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को समय से शिकायतों का समाधान करने का निर्देश दिया।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगली बैठक से पहले सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का समाधान कराएं और कार्रवाई रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में भिजवाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विभाग की लंबित शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री समाधान शिविर में आ रही शिकायतों के प्रति गंभीर हैं और चंडीगढ़ में नियमित रूप से हर एक जिला की समीक्षा की जाती है। इसलिए कोई शिकायत पेंडिंग है तो उस पर चंडीगढ़ से जवाब मांगा जाता है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हेमेन्द्र मीणा, डीएमसी ब्रह्म प्रकाश अहलावत, एसडीएम सुरेश कुमार, सीटीएम जितेन्द्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।