बादली। बार बार बिजली के कट लगने और वेबसाइट न चलने की वजह से तहसील कार्यालय में काम बाधित रहा। खिड़की पर लोगों की भीड़ लगी रही और लोग लाइन में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार करते रहे। जनरेटर खराब होने की वजह से भी समस्या रही।
बुधवार को बार-बार बिजली के कट लगते रहे। इंटरनेट भी खराब रहा। इस कारण तहसील में ऑनलाइन काम प्रभावित रहा। सबसे ज्यादा भीड़ आधार कार्ड अपडेट, रजिस्टरी कार्यालय और पटवारखाने में रही। लाइन में काफी महिलाएं भी लगी थी। बिजली व साइट न चलने की वजह से सिस्टम प्रभावित रहा और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। तहसीलदार शिखा का कहना है कि उनके पास इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। दिक्कत है, तो इस मामले का पता लगाया जाएगा। कुछ दिनों से बिजली के कटों में इजाफा हुआ है।
फर्द के लिए करते रहे इंतजार
तहसील कार्यालय में फर्द निकलवाने आए लोगों ने बताया कि वे सुबह लाइन में लगे थे। लेकिन दोपहर तक उनका काम नहीं हुआ। दीपक, रामनिवास, सोमबीर और कमल ने बताया कि फर्द निकलवाने के लिए पहले भी आ चुके थे, तब भी साइट नहीं चल रही थी। फर्द ना निकलने की वजह से उनके काम रुके हुए हैं।
फोटो 72: बिजली नहीं होने से तहसील में बैठकर इंतजार करते आमजन।