पानीपत। थाना चांदनी बाग के अंतर्गत रेत व बजरी के कमीशन एजेंट को सुपारी देकर जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप हैं कि हनुमान कॉलोनी के एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह धमकी दी है। चांदनी बाग थाना की पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रोहतक स्थित कंसाला गांव के संदीप कुमार ने थाना चांदनी बाग की पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह अब पानीपत के सेक्टर-23 टीडीआई में रहता है। वह कमीशन पर बजरी और रेत का काम करता है। उसने हनुमान कॉलोनी के सोनू उर्फ संजय के पास 2016 से 2024 तक काम किया था।
वह अब उग्राखेड़ी के रविंद्र मलिक के पास काम करता है। सोनू उर्फ संजय उसके साथ काम छोड़ने पर दुश्मनी रखने लग गया। सोनू उर्फ संजय अपने दो साथियों अजय व अमन वासी शिवपुरी कॉलोनी जींद के साथ उसके पास शनिवार को आया।
उन तीनों ने उसका रास्ता रोककर हाथापाई की। उस समय उसके साथ योगेश वासी सफीदों व विक्रम राठी उर्फ बिक्वू निवासी सहानपुर भी साथ थे। उक्त लोगों ने कहा कि उन्होंने सोनू उर्फ संजय का साथ नहीं दिया तो तुम्हारी सुपारी देकर जान से मरवा देंगे। संवाद