फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: रैनकपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों में 2007 के बाद से सप्लाई का पानी ही नसीब नहीं

Fri, 09 Jan 2026 02:28 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रोहतक
विज्ञापन
13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बू​स्टिंग स्टेशन। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

रोहतक। शहर के रैनकपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों में वर्ष 2007 के बाद से लोगों को सप्लाई का पानी ही नसीब नहीं हो रहा है। टेल एंड होने के कारण पानी की पहुंच से यह इलाका दूर है। प्रशासन व सरकार की कमियों के चलते रैनकपुरा क्षेत्र आज भी पीने के पानी को जूझ रहा है। कॉलोनीवासियों की ओर से प्रत्येक वर्ष शिकायतें दीं गईं, धरने दिए गए, रोड जाम भी किया, मंत्रियों से भी मिले लेकिन इसके बावजूद जन स्वास्थ्य विभाग व सरकार को तरस नहीं आया। छह कॉलोनियों के लोगों ने साल 2025 में भी दो बार जींद बाईपास पर जाम लगाया था। तब जाकर यहां बूस्टर निर्माण शुरू होने की बात से लोगों को राहत मिली।
रैनकपुरा क्षेत्र के आसपास की कॉलोनियों में टीम ने वीरवार को पेयजल आपूर्ति की पड़ताल की। देखने में आया कि यहां मकानों के बाहर 500-500 लीटर की टंकियां रखी हुई हैं। कई मकानों की छत पर तो टंकिया ही नहीं दिखीं।
विज्ञापन

पानी की उपलब्धता के बारे में पूछा गया तो घर के अंदर लगे सबमर्सिबल की ओर इशारा किया। टीम ने फिर पूछा, पीने के लिए पानी कहां से आता है? बताया-सप्लाई का पानी तो करीब 15 साल से आ ही नहीं रहा। विभाग को ऑनलाइन आवेदन करते हैं, तब टैंकर भेजे जाते हैं, अन्यथा परेशानी ही परेशानी। अधिकतर घरों में 80-90 हजार रुपये खर्च करके सबमर्सिबल लगाए हैं, इनसे भी खारा पानी निकल रहा है।

टैंकर मंगवाकर व सबमर्सिबल के खारे पानी से काम चला रहे लोग
इस क्षेत्र में रैनकपुरा, खोखराकोट, कबीर कॉलोनी, बालकनाथ कॉलोनी, तेज कॉलोनी, फौजी कॉलोनी अंतिम छोर में स्थित हैं। यहां 2000 से अधिक घरों में आठ हजार आबादी रहती है। सभी घरों में वर्ष 2000 से पहले के पेयजल कनेक्शन भी हैं। लोगों ने बताया कि वर्ष 2000 में डेयरी मोहल्ले में बूस्टर बनाया गया था। आबादी बढ़ने के साथ इसका पानी भी कॉलोनियों में बंटने लगा। वर्ष 2007 तक तो स्थिति सामान्य रही लेकिन बाद में समस्या बढ़ने लगी। डेयरी मोहल्ला बूस्टर से पानी सप्लाई तो होता है लेकिन रैनकपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों में पहुंचते-पहुंचते बिल्कुल खत्म हो जाता है। कई बार मांग के बाद भी प्रशासन व राजनेताओं की ओर से समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।



-
रैनकपुरा क्षेत्र की कॉलोनियों के लिए बूस्टर का निर्माण करवाया जा रहा है। इस बूस्टिंग स्टेशन की क्षमता 16 लाख लीटर है। स्टेशन में 120-120 एचपी की दो मोटरें लगाई जाएंगी ताकि प्रेशर के साथ घरों में पानी बिना रुकावट के सप्लाई होता रहे। जहां जरूरत होगी, वहां पाइप लाइन भी बिछाई जाएगी। फरवरी तक स्टेशन का निर्माण पूरा किया जाएगा। करीब 1.11 करोड़ से बनने वाले बूस्टर का निर्माण 60 प्रतिशत से अधिक हो चुका है।
- शिवराज चौहान, अधीक्षण अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।
-
वर्ष 2022 में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की ग्रीवेंस कमेटी में इस क्षेत्र का मुद्दा उठाया गया था। इसके बाद जमीन की एनओसी हुई थी। इसके बाद सरकार बदलने से काम ठंडे बस्ते में पड़ गया है। 2025 में दो बार रोड जाम करना पड़ा।
- राजेश गुलिया, जजपा हलका प्रधान, रोहतक

सबमर्सिबल का पानी इस्तेमाल करते हैं। खारे पानी से बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। पार्षद से मांग करते हैं, तब पानी का टैंकर आता है। नहीं तो 500 रुपये का टैंकर मंगवाकर किसी तरह सात दिन काम चलाते हैं।
- मंजू बाला, कबीर कॉलोनी

कॉलोनी में टैंकर कई-कई दिन में आते हैं। इसी कारण 90 हजार रुपये में सबमर्सिबल लगवाया हुआ है। पानी की समस्या के लिए बेबस होकर रोड जाम व प्रदर्शन किए। अनगिनत बार तो अधिकारियों को पेयजल की शिकायत दी।
- धनपत, कबीर कॉलोनी

ऑनलाइन आवेदन करने पर महीने में एक टैंकर सप्लाई होता है। आसपास के लोग टंकियां इकट्ठा कर पानी भरते हैं। लंबे संघर्ष और वर्ष 2025 में दो बार प्रदर्शन के बाद जन स्वास्थ्य विभाग ने रैनकपुरा बूस्टर का निर्माण शुरू किया।
- प्रवेश, रैनकपुरा

मैं करीब 20 साल से पानी की समस्या झेल रहा हूं। अब बनीं कॉलोनियां पहले रैनकपुरा में होती थीं। शहर में होने के बावजूद पेयजल समस्या से परेशान हूं। इलाका बिल्कुल पिछड़ा वर्ग से भी बदतर बना दिया है।
विज्ञापन

- श्रीभगवान, रैनकपुरा क्षेत्र

13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बूस्टिंग स्टेशन। संवाद

13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बूस्टिंग स्टेशन। संवाद

13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बूस्टिंग स्टेशन। संवाद

13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बूस्टिंग स्टेशन। संवाद

13...रोहतक के रैनकपुरा क्षेत्र में बनता बूस्टिंग स्टेशन। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें