हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को 25 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे। राज्य स्तरीय अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह रोहतक में एमडीयू के राधाकृष्णनन सभागार में होगा। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मेधावियों को मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।
रविवार को आयोजित सम्मान समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा-2022 में 10वीं और 12वीं कक्षा में जिले में टॉप थ्री रैंक पाने वाले मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इन्हें फोन और मैसेज के जरिये समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दे दिया गया है।
समारोह में एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, उपायुक्त यशपाल, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, पुलिस कप्तान उदय सिंह मीना भी उपस्थित रहेंगे। अमर उजाला की ओर से इससे पहले सोनीपत, करनाल, पंचकूला और हिसार में भी इस प्रकार के सम्मान समारोह आयोजित किए जा चुके हैं।
सम्मानित किए जाने वाले विद्यार्थी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी टॉपर्स की सूची के अनुसार हैं। इस सूची में शामिल विद्यार्थी ही सम्मानित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को सुबह नौ बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण करवाना होगा। उन्हें अपनी मार्कशीट और आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है।