फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कभी मस्तनाथ मठ तो कभी सुनारिया पीटीसी, लैंडिग हुई पुलिस लाइन में

विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सुरक्षा व उनके हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग शनिवार को पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती भरी रही। हिसार की तरह रोहतक में भी कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों की भीड़ इसकी मुख्य वजह रही। बाबा मस्तनाथ मठ में सीएम के हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल से 370 मीटर दूर किसानों के हंगामे के बाद पुलिस लाइन परिसर में बने हैलीपैड पर यह लैंडिंग कराई गई। हालांकि इससे पूर्व अफवाह सुनारिया पीटीसी सेंटर में लैंडिंग की रही।
विज्ञापन

सुरक्षा की दृष्टि से आखिरी समय तक लैंडिंग की जगह के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी दिए जाने की चर्चा है। इधर, पुलिस ने हैलीपैड की जगह में बदलाव से साफ इनकार किया है। सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के पिता की रस्म पगड़ी कार्यक्रम में शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री का आगमन हुआ।
इससे पूर्व पुलिस महकमे को उनके हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए काफी माथापच्ची करनी पड़ी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रोहतक में दोपहर 12:30 बजे बाबा मस्तनाथ मठ परिसर में उतरना था। इसकी तैयारी भी हो चुकी थी। इससे पूर्व दोपहर को ही बोहर की ओर से किसानों का काफिला मठ की ओर बढ़ चला।
विज्ञापन

मठ के पिछले गेट के पास हेलीकॉप्टर लैंडिंग स्थल से 370 मीटर दूर पुलिस ने इस काफिले को रोकने का प्रयास किया। किसानों के हंगामे व माहौल बिगड़ता देख, पुलिस ने मठ परिसर में हेलीकॉप्टर की लैंडिंग रद्द कर दी। प्रशासन ने आनन-फानन में दोपहर करीब सवा एक बजे हेलीकॉप्टर लैंडिंग की जगह बदल कर पुलिस लाइन परिसर कर दी।
इसके बाद दोपहर करीब 2:00 बजे सुनारिया पीटीसी सेंटर में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सूचना मिली। इस सूचना के बाद खुद प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस के जवान तक असमंजस में नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने सीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर लैंडिंग गुपचुप तरीके से पुलिस लाइन परिसर में कराई। जबकि लोगों को ध्यान भटकाने के लिए सूचना पीटीसी सेंटर की दी गई।
पुलिस घेरे में रहा आईटीआई परिसर व कैनाल रेस्ट हाउस
सीएम के रोहतक आगमन पर उनकी सुरक्षा के लिए शनिवार को कैनाल रेस्ट हाउस, पुरानी आईटीआई परिसर व आसपास का इलाका पुलिस घेरे में रहा। हाई अलर्ट पर रही पुलिस ने कार्यक्रम स्थल व रेस्ट हाउस की ओर जाने वाली हर सड़क पर नाकेबंदी के साथ पहरा लगाए रखा।
कैनाल रेस्ट हाउस चौक के अलावा शहर के कोर्ट रोड पर एसबीआई बैंक के पास, सुभाष चौक, अशोका चौक, गांधी कैंप चौक, लेबर चौक, आर्य नगर चारों ओर बेरिकेड्स लगाकर पुलिस के जवान तैनात रहे। यही नहीं, रेस्ट हाउस व कार्यक्रम स्थल पर सीएम से मिलने व उनके पास जाने वालों पर पुलिस की खास नजर रही। इन लोगों को पूछताछ के बाद ही आगे जाने दिया गया।
सड़कें सूनी रहने से नहीं बिगड़ी यातायात व्यवस्था
शहर की सड़कों पर सीएम के आगमन के दौरान यातायात व्यवस्था पर खास असर नहीं पड़ा। शनिवार होने के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। इस कारण पुलिस को भी यातायात व्यवस्था नहीं बदलनी पड़ी। चौराहों पर सीएम के आने समय बेरिकेड्स पर रोके गए वाहन चालकों को कुछ देर जरूर रास्ता साफ होने का इंतजार करना पड़ा।
सीएम के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पुलिस लाइन के हैलीपैड पर सुरक्षित हुई है। पुलिस ने पहले की शहर की यातायात व्यवस्था व सीएम की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस लाइन में हैलीपैड बनाया था। इसलिए हेलीकॉप्टर लैंडिंग की जगह बदलने की जरूरत ही नहीं रही।
विज्ञापन

- राहुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें