संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। हरियाणवी सांग सम्राट व सूर्य कवि दादा लख्मीचंद की 123वीं जयंती पर दादा लख्मीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स में साहित्यकारों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। 23 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
सुपवा और हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में वीरवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित समारोह में हिंदी, हरियाणवी, संस्कृत, पंजाबी और उर्दू भाषा के 81 साहित्यकारों व विद्वानों को 40 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
प्रदर्शनी और रागिनी रहेंगी आकर्षण का केंद्र
समारोह के साथ सुपवा की फैकल्टी ऑफ डिजाइन में कला व डिजाइन की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें फैकल्टी ऑफ डिजाइन व विजुअल आर्ट्स के छात्रों की ओर से तैयार की गई रचनात्मक कलाकृतियां, डिजाइन प्रोजेक्ट्स और विजुअल आर्ट्स के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन में आने वाले अतिथि, साहित्यकार व दर्शक इस प्रदर्शनी का भी अवलोकन कर सकेंगे।
कोट
सूर्य कवि दादा लख्मीचंद की जयंती पर प्रदेश के साहित्यकारों का सम्मान होना सुपवा परिवार के लिए गर्व का विषय है। यह केवल सम्मान समारोह नहीं बल्कि हरियाणा की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक व लोक परंपरा का महोत्सव है। -डॉ. अमित आर्य, कुलपति, सुपवा