रोहतक। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा था कि बदमाश प्रदेश छोड़ दें, मगर वे लगातार वारदात को अंजाम देकर उल्टा उन्हीं को जवाब दे रहे हैं। 10 दिन में प्रदेश में ऐसी 11 गंभीर वारदात हुई हैं जिससे साफ है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है।
यह बात पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने रविवार को नए बस स्टैंड के नजदीक कार्यालय में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदहाल कानून व्यवस्था को लेकर जजपा जल्द राज्यपाल से मुलाकात करेगी। दुष्यंत ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर गृहमंत्री पूरी तरह से फेल साबित हुए हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार से सुझाव लेकर कोई ठोस कदम उठाएं।
दीपेंद्र से मुलाकात का न निकाला जाए सियासी मतलब
एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जजपा खुलेआम भाजपा के साथ गठबंधन में रही थी लेकिन कांग्रेस और इनेलो ने भीतरखाने भाजपा को फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हुड्डा गुट के बागी उम्मीदवारों ने कांग्रेस का आया हुआ राज खो दिया। सिरसा व अन्य जगहों पर इनेलो और भाजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा। रोहतक स्थित डी पार्क स्थित आवास पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा से मुलाकात पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इसके सियासी मतलब न निकाले जाएं। दुख की घड़ी में शामिल होना सामाजिक दायित्व है। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सांत्वना देने पहुंचे थे। अब सांसद दीपेंद्र हुड्डा के परिवार में निधन पर वे सांत्वना देने गए थे।
दीपक मलिक बने इनसो के नए प्रदेश अध्यक्ष
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पुराने कार्यकर्ता घर वापसी कर रहे हैं। युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए जजपा ने अलग से युवा जोड़ो अभियान चलाया है। पांच अगस्त को जजपा के छात्र संगठन इनसो का स्थापना दिवस है इसलिए बरोदा से पूर्व जजपा उम्मीदवार दीपक मलिक को इनसो का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. केसी बांगड़, राजेंद्र लितानी, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला, राजेश सैनी, धर्मवीर सिहाग, रमेश खटक, प्रदेश कार्यालय सचिव रविन्द्र सांगवान भी मौजूद रहे।