फोटो-54: बहादुरगढ़ में रेलवे रोड पर सड़क किनारे पड़ा कूड़ा। संवाद
बहादुरगढ़। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रही। मांगों को लेकर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए उल्टा झाडू लेकर प्रदर्शन किया। उधर, प्रांतीय स्तर पर कर्मचारियों की सरकार से वार्ता विफल होने की वजह से यह हड़ताल दो दिन के लिए और बढ़ा दी है।
हड़ताल के कारण न तो शहर में झाडू लग रही है और ना ही कूड़े का उठान हो रहा है। इस दौरान शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे। कूड़े की मात्रा भी हर रोज बढ़ रही है। करीब 600 टन कूड़ा सड़कों व गलियों में फैला रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को हड़ताल के पांचवें दिन कर्मचारियों ने पहले नगर परिषद कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने उल्टी झाडू लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड तक पहुंचा और फिर वापस नगर परिषद गेट पर समाप्त हुआ।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में उल्टे झाडू लेकर रोष प्रकट किया जो उनके विरोध का प्रतीक बना। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी भी की।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान राजेश बालगुहेर का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है और कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। इसी के चलते उन्हें हड़ताल और प्रदर्शन करना पड़ा है।
वहीं, नगर परिषद की ओर से कूड़े के उठान को लेकर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। शहर के कई इलाकों में दुर्गंध और गंदगी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
फोटो-54: बहादुरगढ़ में रेलवे रोड पर सड़क किनारे पड़ा कूड़ा। संवाद