फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रैनकपुरा में पुलिस व ग्रामीणों के बीच झड़प, एएसआई सहित छह घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के रैनकपुरा में पुलिस व ग्रामीणों के बीच उस समय झड़प हो गई, जब सीआईए-टू ने दो युवकों को बदमाश समझकर दबोच लिया। परिजन दोनों को रिश्तेदार बताकर पुलिस से भिड़ गए। झड़प में एएसआई सहित छह लोग घायल हो गए। सिटी थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन

सीआईए टू के एसआई वीरेंद्र सिंह ने सिटी थाने में शिकायत देकर बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद गश्त के दौरान मुखबिर ने यह सूचना दी कि रैनकपुरा निवासी सुनील उर्फ सन्नी के पास देसी पिस्तौल हो सकता है। वह सज्जन उर्फ हन्नी निवासी नजफगढ़ दिल्ली के साथ अपराध करने की फिराक में घूम रहा है। दोनों बाइक पर राम जोहड़ी रैकनपुरा होते हुए मेन रोड की तरफ जाएंगे। पुलिस ने नाका लगाकर दोनों युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे खोखरा कोट की तरफ भाग निकले। पुलिस ने पीछा करते हुए रैनकपुरा रोड नजदीक सासी चौक पर काबू कर दोनों को गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि इसी बीच रैनकपुरा निवासी सतपाल सिंह 10 से 12 लोगों के साथ आ गया। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। इन्होंने पुलिसकर्मियों से मारपीट कर आरोपियाें को छुड़वा ले गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। पुलिस का आरोप है कि सतपाल सिंह व सज्जन उर्फ हन्नी ने धमकी दी कि वे दोबारा मोहल्ले में आए तो जान से मार देंगे। पुलिस के मुताबिक झड़प में एएसआई बीरेंद्र सिंह, सिपाही प्रदीप, अजीत व ब्रह्म प्रकाश घायल हो गए। सिटी थाना पुलिस ने मामले में सुनील, सतपाल, सज्जन समेत 12 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 149, 332, 353, 186, 506 के तहत केस दर्ज किया है।
ग्रामीणों का आरोप : पुलिसकर्मी जबरन घर में घुसे और महिलाओं से अभद्रता की
रैनकपुरा खोखरा कोट निवासी अरुण ने बताया कि उसका रिश्तेदार राजेश काम करने के लिए हैदराबाद गया हुआ था, जो वहां से लौटकर आया था। राजेश से मिलने के लिए शुक्रवार को दिल्ली के नजफगढ़ से रिश्तेदार सज्जन आया था। सज्जन दिल्ली में कपड़े का काम करता था। आरोप लगाया कि जैसे ही सज्जन घर के अंदर आया वैसे ही सीआईए-2 की टीम के सदस्य घर में घुस आए। जब तक परिवार के सदस्य और रिश्तेदार कुछ समझ पाते तब तक सीआईए-2 की टीम ने सज्जन के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर परिवार की महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि जब महिलाओं ने विरोध किया तो सीआईए-2 के सदस्य ने उनके साथ भी मारपीट करते हुए अभद्रता कर दी। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली से आए सज्जन और पुराने टायरों की खरीद-फरोख्त करने वाले राजेश के भाई सतपाल को घसीट कर अपनी गाड़ी में डालकर ले गए। इस दौरान उन्हें छुड़वाने के लिए पहुंची परिवार की महिलाओं के कपड़े तक फाड़ दिए। टीम के जाने के बाद लोग घायल कांता व सरोज को लेकर सिविल अस्पताल आए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
विज्ञापन

वहीं, सीआईए-2 के इंचार्ज गोवर्धन ने बताया कि उनकी टीम मुखबिर की सूचना पर बदमाशों की घेराबंदी के लिए रैनकपुरा में खड़ी हुई थी। तभी रफ्तार से आ रही बाइक पर सवार दो लोगों को टीम ने रोकने का प्रयास किया मगर वह नहीं रुके। जब टीम ने पीछा करके उन्हें पकड़ा तो उनके साथ आए लोगों ने हमला कर दिया। टीम के सदस्यों के साथ मारपीट करके कपड़े फाड़ दिए। उन्होंने बताया कि हमले में उनके एएसआई वीरेंद्र सहित चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में उपचार करवाया गया। उन्हाेंने कहा कि पुलिस पर लगाए गए अभद्रता के आरोप गलत हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें