रोहतक। गाम्बिया में 66 बच्चों की जान लेने वाली खांसी की दवा की हरियाणा में सप्लाई को लेकर लगातार छापा मार कार्रवाई के साथ जांच जारी है। इसी कड़ी में एफडीए विभाग के औषधि नियंत्रक अधिकारी डॉ. मनदीप मान ने जिले में दवाई की दुकानों को खंगाला। जांच में अब तक जानलेवा खांसी की दवा नहीं पाई गई है। विभाग ने कंपनी की ओर से दवा की खेप जिले में सप्लाई नहीं होने का दावा किया है।
जिले में जानलेवा खांसी की दवा की नहीं मिलना राहत भरा है। साथ ही दवा की सप्लाई इलाके में नहीं दिए जाने को भी किफायती माना जा रहा है। एफडीए विभाग की मानें तो कंपनी ने जिले में इस दवा की सप्लाई ही नहीं दी है। ऐसे में दवा या इसके स्टॉक का सवाल ही पैदा नहीं होता। इस संबंध में शुक्रवार को देर रात तक दवा की दुकानों पर जांच की गई। यही नहीं, शनिवार देर शाम तक भी इस तरह की दवा की कोई जानकारी नहीं मिली है।
वर्जन:
खांसी की दवा से मरने वाले बच्चों की खबर के बाद से इलाके में जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जिले में ऐसी दवा नहीं मिली है। जांच में सामने आया है कि कंपनी की ओर से इस दवा की खेप जिले में सप्लाई नहीं हुई है। इसके चलते दवा या इसका स्टॉक मिलने की संभावना नहीं है।
- डॉ. मनदीप मान, डीसीओ, एफडीए।