झज्जर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे अहम कड़ी मतदाता हैं। लोकतंत्र के पर्व में हर नागरिक मताधिकार का प्रयोग कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इसके लिए प्रत्येक मतदाता यह सुनिश्चित कर ले कि उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। जिस मतदाता का नाम मतदाता सूची में है, केवल वही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है। उन्होंने कहा कि वोट बनवाने में महज छह दिन का समय शेष बचा है, ऐसे में नागरिक 26 अप्रैल तक अपना वोट बनवा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वोट बनवाने के लिए दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, अपने निवास और आयु प्रमाण पत्र के साथ ऑफलाइन या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वोट बनवाने से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर- 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता के पास पुराना एपिक कार्ड है तो भी वह वोट डाल सकता है, उसका नाम उस क्षेत्र की मतदाता सूची में होना चाहिए। सीईओ हरियाणा की वेबसाइट पर नागरिक अपने वोट की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।