रोहतक। जिले में चोर पांच जगह चोरी की अंजाम देकर नकदी, जेवरात, गैस सिलेंडर व मोबाइल फोन चुराकर ले गए। इस संबंध में अर्बन एस्टेट, पुरानी सब्जी मंडी, पीजीआईएमएस, शिवाजी कॉलोनी और कलानौर थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
केस नंबर एक : मकान मालिक गया हुआ था परिवार सहित गांव
शहर के सेक्टर दो-तीन के पार्ट्स निवासी दिनेश मित्तल ने अर्बन एस्टेट थाने में दी शिकायत में बताया कि 31 मार्च को वह परिवार सहित अपने गांव चला गया। मकान पर ताला लगा रखा था। तीन अप्रैल को शाम करीब साढ़े चार बजे आया तो दरवाजा टूटा मिला। अंदर से चोर अलमारी का ताला तोड़कर 60 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की चेन, दो सोने की चूड़ी और अन्य सामान निकाल कर ले गए।
केस नंबर दो : भाई-बहन गए थे ड्यूटी पर, दिनदहाड़े चावला चौक पर चोरी
शहर के पाड़ा मोहल्ला स्थित चावला चौक निवासी सुभाष चंद्र ने दी शिकायत में बताया कि तीन अप्रैल को हर रोज की तरह हिसार रोड स्थित गारमेंट्स की दुकान पर नौकरी के लिए चला गया। जबकि उसकी बहन पिंकी सुबह करीब साढ़े 9 बजे खाना बनाने जुलाहा चौक चली गई। घर पर ताला लगा था। दोपहर करीब सवा दो बजे आकर देखा तो घर के मुख्य गेट का ताला ही टूटा मिला, जो अंदर वॉशिंग मशीन के पास रखा था। चोर अलमारी का ताला तोड़कर पांच तोले सोना, एक चेन, दो अंगूठी, दो जोड़े कानों के कुंडल, चार चांदी के कड़े और 25 हजार की नकदी ले गए।
केस नंबर तीन : फास्ट फूड की गाड़ी का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी
श्रीनगर कॉलोनी के युवक आदित्य ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ माह पहले ही फास्ट फूड बनाने के लिए गाड़ी तैयार करवाई थी। गाड़ी को घर के बाहर खड़ी कर देता था। तीन अप्रैल को सुबह देखा तो गाड़ी के ताले टूटे मिले। अंदर से दो गैस सिलेंडर चोरी थे। आदित्य ने पुलिस से मांग की है कि उसने कुछ समय पहले ही काम शुरू किया था। उसकी मदद की जाए।
केस नंबर चार : गढ़ी बलंब के खेत में लगे ट्रांसफार्मर के तांबे के तार चोरी
कलानौर खंड के गांव गढ़ी बलंब के युवक अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके खेतों में बिजली का ट्रांसफार्मर लगा था, जो महाबीर सिंह के नाम था। रात को चोर ट्रांसफार्मर के अंदर से तांबे के तार निकाल कर ले गए। सुबह खेत में गए तो खाली खोखा जमीन पर पड़ा मिला।
केस नंबर पांच : न्यू जनता कॉलोनी में घर में घुसकर मोबाइल चोरी, एक युवक काबू
बिहार के गोपालगंज निवासी मोहम्मद कलाम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किराये पर न्यू जनता कॉलोनी में रहता है। साथियों के साथ कमरे के अंदर सो रहा था। रात को करीब दो-तीन बजे दो युवक कमरे के अंदर घुस आए और मोबाइल फोन चुराने लगे। उसकी आंख खुल गई। एक युवक भागने में कामयाब रहा, लेकिन दूसरे को उन्होंने स्कूटी सहित दबोच लिया। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि वह गांधी कैंप का रहने वाल बसंत हैं। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को काबू किया। अब पुलिस फरार युवक की तलाश कर रही है।