रोहतक। मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार दोपहर अचानक रोहतक पहुंचे और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के भतीजे 30 वर्षीय वैभव खट्टर के निधन पर प्रीत विहार कॉलोनी पहुंचकर शोक व्यक्त किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के भानजे सन्नी हंस ने बताया कि चरणजीत खट्टर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के भाई हैं। 30 वर्षीय वैभव खट्टर चरणजीत के इकलौते बेटे थे, ब्रेन ट्यूमर के चलते 25 दिन गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में दाखिल रहे। 23 अक्तूबर को वैभव का देहांत हो गया। वहीं पर केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहुंचे थे। सोमवार को दोपहर करीब ढाई बजे मुख्यमंत्री नायब सैनी के आने की सूचना मिली। करीब साढ़े 3 बजे मुख्यमंत्री पीड़ित परिवार से मिले और वैभव की मां पुष्पा खट्टर और बहन हिमांशी काे सांत्वना दी। इस दौरान जगदीश खट्टर, विजय खट्टर, केशव खट्टर, रमित खट्टर, अमित खट्टर, नीरज खट्टर, ईशान खट्टर, नरेंद्र खट्टर सहित परिवार के अनेक सदस्यों के अलावा पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, एसडीएम आशीष कुमार, भाजपा संगठन महामंत्री फणीद्र नाथ शर्मा भी मौजूद रहे।
डिप्टी स्पीकर ने भी शोकाकुल परिवार को दी सांत्वना
वहीं, विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्णलाल मिड्ढा ने भी वैभव खट्टर के निधन पर शोक जताने पहुंचे। इससे पहले रविवार को प्रदेश सरकार के मंत्री महिपाल ढांडा, अरविंद शर्मा, कृष्णलाल पंवार, गौरव गौतम, पूर्व मंत्री एवं मौजूदा विधायक मूलचंद शर्मा, पूर्व मंत्री बनवारी लाल सहित 11 मंत्री व पूर्व मंत्री सांत्वना व्यक्त करने आए थे।