संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। छठ पूजा को लेकर शहर में तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। श्रद्धालुओं के लिए नई अनाज मंडी में पूजन सामग्री के स्टाॅल लग गए हैं और बाजार सज गए हैं। खरीदारी के लिए शुक्रवार से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे।
दुकानदारों के पास 64 से अधिक प्रकार की पूजन सामग्री बिक्री के लिए सजाई गई। इन्हें खरीदने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। इससे विक्रेताओं को भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
छठ महापर्व का शनिवार से पहला दिन शुरू होगा। चार दिवसीय छठ के पहले दिन श्रद्धालु नहा-खाकर अपने उपवास की शुरूआत करेंगे। दुकानदार ध्रुप ने बताया कि पूजा के लिए सामग्री दिल्ली से मंगाई गई हैं।
उन्होंने बताया कि पूजा के लिए स्टॉल पर गागर नींबू, नारियल, सिंदूर, अनानास, शुथनी, मेवा, साठी के चावल, अदरक व केला आदि अनेक प्रकार का सामान है। मंडी में शनिवार से लेकर सोमवार तक स्टॉल लगाए जाएंगे। पूजा के लिए 300 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की सामग्री खरीद सकते हैं।
-
सुबह की पूजा के बाद करेंगे भोजन ग्रहण
रोहतक।
पूर्वांचल एकता समिति के सचिव दिनेश सिंह व कोषाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि छठ पर्व पूजा करने वाले श्रद्धालु शनिवार को सुबह की पूजा करेंगे। इसके बाद घीया की सब्जी, चने की दाल व कच्चे चावल बनाएंगे। श्रद्धालु रविवार शाम तक खाना नहीं खाएंगे। रविवार को शाम को श्रद्धालु खरना करेंगे। इस दिन निर्जला उपवास करेंगे और शाम को दूध और साठी चावल, गुड़ की खीर बनाकर शाम को पूजा करेंगे। छठी माता को भोग लगाकर भोजन का सेवन करेंगे।