साइबर ठगों ने जियो कंपनी का कर्मचारी बनकर मोबाइल नंबर की केवाईसी करने के नाम पर 7.20 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित से ठगों ने केवाईसी कराने के नाम पर एपीके फाइल डाउनलोड कराई और फिर दोनों खातों से एक-दूसरे में ट्रांसफर करके अलग-अलग खातों में यह राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामनगर निवासी करतार सिंह आर्मी में तैनात हैं और 26 नवंबर को उनके पास एक व्यक्ति ने कॉल की। उसने अपने आपको जियो कंपनी का कर्मचारी बताते हुए मोबाइल नंबर की केवाईसी कराने की बात कही। चेतावनी दी कि यदि केवाईसी नहीं कराई तो नंबर पूरी तरह बंद हो जाएगा और फिर नया नंबर ही लेना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने कंपनी कर्मी समझकर उसके कहे अनुसार मोबाइल पर काम करना शुरू कर दिया। आरोपी ठग ने उनकी पूरी जानकारी लेकर खाते को हैक कर लिया और कई बार में 7.20 लाख रुपये की ठगी कर कई खातों में ट्रांसफर कर ली। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
घर बैठे कमाई का लालच देकर 2.90 लाख ठगे
घर बैठे-बैठे 5 से 6 हजार रुपये की आमदनी कराने के नाम पर एक युवक से टेलीग्राम आईडी बनवाकर 2.90 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-तीन निवासी आशीष कादियान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके व्हाट्स एप नंबर पर एक मैसेज आया। ऑनलाइन काम कराने के एवज में 5 से 6 हजार रुपये देने का लालच दिया गया। इस पर ठग ने उनसे टेलीग्राम पर आईडी बनवाकर उनसे इनवेस्टमेंट के नाम पर पैसे लगवाने शुरू कर दिए। इस तरह 2.90 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।