महम। शहर से सटे गांव खेड़ी महम में भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने वाले एक दुकानदार के पास फेक मैसेज भेज कर 50 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में बिजेंद्र ने बताया कि 7 जून को सुबह आठ बजे मोबाइल पर कॉल आई । फोन करने वाले ने ईंट व सीमेंट लेने की बात कही। कहा कि वह पैसे उसके खाते में डाल रहा है। थोड़ी देर में उसके पास बीस व दस हजार रुपए भेजे जाने का फेक मैसेज आया। बताया कि दुकान पर बैठने वाले लड़के ने जब खाते में रुपये न आने की बात कही तो बोलने वाले ने एक लिंक शेयर कर कहा कि वह इस लिंक पर कंफर्म कर लो। बताया कि लिंक पर क्लिक करते ही उसके खाते से 50 हजार रुपये कट गए। इस प्रकार उनके साथ 50 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संवाद