ठगों ने बुधवार को मुरादपुर टेकना के एक व्यक्ति के घर रजिस्ट्री भेजकर लॉटरी में कार जीतने का लालच दिखाकर 8900 रुपये ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहुअकबरपुर थाने में दी शिकायत में मुरादपुर टेकना निवासी ओम कुमार ने कहा कि उसे 14 दिसंबर को एक रजिस्ट्री मिली। अगले दिन खोलने पर उसमें एक मोबाइल नंबर मिला। इस पर संपर्क करने पर पता चला कि लाटरी में 1499999 रुपये की कार निकली है। फोन करने वाले ने कहा कि रुपये लेने हैं तो 8900 रुपये एक खाते में भेज दो। यह रकम का टैक्स है। यह राशि भेजने के बाद फिर फोन आया। इस बार टीडीएस के लिए 22500 रुपये मांगे। इस पर धोखाधड़ी का अंदेशा हुआ और तुरंत खाता बंद कराया। साथ ही बहुअकबरपुर थाने में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्दी ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।