रोहतक। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत ट्यूबवेल के लिए सोलर कनेक्शन लगवाने के नाम पर एक युवक से साइबर ठगों ने 1.83 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने सदर थाना कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
गांव जसिया निवासी विकास प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर ट्यूबवेल कनेक्शन लेना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने 20 मई को वेबसाइट पर पंजीकरण किया था। 22 मई को विकास के पास एक नंबर से कॉल आया और सामने वाले ने स्वयं को प्रधानमंत्री कुसुम योजना का कर्मचारी बताया। उसने दस्तावेज लेकर और स्थान पूछकर विकास को पूरी तरह से झांसे में ले लिया।
इसके बाद व्हाट्सअप नंबर से विकास के नाम से नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के नाम से एक मैसेज भेजा, इसमें ट्यूबवेल कनेक्शन का अप्रूवल लेटर था। उसी पत्र में एक अकाउंट नंबर भी दिया गया था। इसमें खर्च राशि को ऑनलाइन पेमेंट कराने के लिए कहा था। रजिस्ट्रेशन के नाम पर 5600 रुपये, ट्रांसपोर्ट फीस के नाम 10,500 रुपये, एग्रीमेंट फीस के नाम 14900 और इस तरह अलग-अलग मद में 1.83 लाख रुपये दिल्ली की एक बैंक शाखा में अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। अगले दिन फिर से राशि मांगी तो विकास को संदेह हुआ। उसने दी गई राशि लौटाने की मांग की तो आरोपी ने इन्कार करते हुए फोन बंद कर लिया। उसके बाद पीड़ित ने घटना की शिकायत दर्ज कराई।