रोहतक। सर्वखाप पंचायत ने बुधवार को सनसिटी क्लब सेक्टर-36 में बैठक की। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 सितंबर को सोनीपत जिले के गांव छिछड़ाना स्थित गठवाला खाप के चबूतरे पर चौधरी सत्यपाल मलिक की शोकसभा एवं रोष सभा का आयोजन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी गठवाला खाप को सौंपी गई है।
अखिल भारतीय देशवाल खाप लाढ़ौत के प्रधान चौधरी संजय देशवाल प्रधान के नेतृत्व में पुराना रोहतक की खाप पंचायतों के प्रधानों व प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अध्यक्षता सहरावत खाप के प्रधान चौधरी मूलचंद सहरावत ने की।
पंचायत की शुरुआत में पूर्व राज्यपाल चौधरी सत्यपाल मलिक की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद खाप प्रधानों एवं प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की ओर से पूर्व राज्यपाल को उचित सम्मान न देना अत्यंत खेदजनक है।
पुराना रोहतक खापों के संयोजक संजय देशवाल, प्रधान देशवाल खाप ने बताया कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि ही नहीं बल्कि किसानों की आवाज बुलंद करने व चौधरी सत्यपाल मलिक के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी होगा।
इस मौके पर दयानंद देशवाल (प्रधान, जाट सभा नांगलोई), चौ. जगवंत हुड्डा (प्रवक्ता, हुड्डा खाप), ओमप्रकाश (प्रधान, नांदल खाप), कैप्टन मान सिंह (प्रवक्ता, दलाल खाप), अशोक मलिक (महासचिव, गठवाला खाप), राज मलिक (प्रधान, अहुलाना 12 मलिक), जयपाल दहिया (प्रधान, दहिया खाप), डॉ. निर्मला चौधरी (प्रदेश प्रवक्ता, राष्ट्रीय जाट महासभा), राजदुलारी (प्रवक्ता, रोहतक जिला जाट महासभा), श्रीपाल बालंद (प्रधान, सतगामा), सुभाष नंबरदार (प्रधान, महम चौबीसी), हुक्म सिंह (प्रधान, सैमान तपा), दिलबाग (प्रधान, सैन समाज), समुद्र सिंह मलिक (सचिव, खाप चबूतरा), रामहेर पूनिया (जिला प्रधान, पूनिया खाप), रामकिशन पावड़िया (प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय जाट महासभा), सुख चंद सचिव (कादयान खाप), दिलबाग (रुहल खाप), महेंद्र सिंह (खत्री खाप), विकास फौगाट (प्रदेश सचिव, जाट संसद), प्रधान रमेश खासा उपस्थित रहे।