रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) में मंगलवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की जयंती मनाई गई। शिक्षक गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर चौधरी बंसीलाल को याद किया। प्रो. कुलताज सिंह ने कहा कि चौधरी बंसीलाल न केवल हरियाणा के निर्माता थे बल्कि एक युग पुरुष भी थे।
इनकी नीतियों के कारण हरियाणा देश और दुनिया में एक अग्रणी और खुशहाल राज्य के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि रोहतक का एमडीयू भी उन्हीं की दूरदर्शिता का एक उदाहरण है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने हरियाणा के हर गांव को बिजली और सड़क से जोड़ा, पीने के पानी की व्यवस्था की। उन्होंने सभी लोगों से चौधरी बंसीलाल के दिखाए गए रास्ते पर चलने और ईमानदारी से काम करके प्रदेश और देश को मजबूत करने का आग्रह किया। इस अवसर पर डॉ. विकास सिवाच, सुमेर अहलावत, विकास अहलावत, राजकुमार शर्मा व नरेंद्र धनखड़ उपस्थित रहे।