रोहतक। प्रदेश में सीईटी (सामान्य पात्रता परीक्षा) के तीन दिन शेष हैं। जिलास्तर पर परीक्षा केंद्र व अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रोहतक से गुरुग्राम व फरीदाबाद जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए सुबह 4 बजे से बसें चलेंगी। बसों के लिए जिले में 6 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें ब्लॉक समेत ग्रामीण स्टाॅपेज भी बनाए गए हैं। यहां से अभ्यर्थी आसानी से बस सुविधा ले सकेंगे।
वहीं, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी धर्मेंद्र सिंह व एसपी नरेंद्र बिजारणिया से बात की और परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
26 व 27 जुलाई को रोहतक के 65 व महम के 3 केंद्रों पर परीक्षा होनी है। इन केंद्रों पर भिवानी व झज्जर के करीब 16,360 अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे। वहीं, जिले के करीब 62,534 अभ्यर्थी दूसरे जिलों के केंद्रों पर परीक्षा देने जाएंगे।
भिवानी व झज्जर से आने अभ्यर्थियों राजीव गांधी स्टेडियम में बसों के संचालन व पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां से अभ्यर्थियों को मिनी बस से शटल सेवा प्रदान कर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि जिले से सहकारी समिति, प्राइवेट स्कूल व रोडवेज की करीब 905 बसों का संचालन किया जाएगा।
-
शहर के एंट्री पॉइंट से बस सुविधा
सीईटी के जिला नोडल अधिकारी ने बताया निर्धारित स्टॉपेज के साथ-साथ शहर के एंट्री पॉइंट से भी बस सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि एंट्री पॉइंट से ऑटो सुविधा ले सकते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि ऑटो चालकों को हिदायत दी है कि 20 रुपये से अधिक किसी अभ्यर्थी से किराया वसूला नहीं जाएगा। निर्देशों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बसों के लिए बनाए गए केंद्र
1. बस स्टैंड, रोहतक
2. बस स्टैंड, कलानौर
3. बस स्टैंड, महम
4. बस स्टैंड, सांपला
5. बस स्टॉपेज, लाखन माजरा।
6. बस स्टॉपेज, मदीना।
-
वर्जन
बसों की सुविधा के लिए सुबह 4 बजे से छह केंद्रों से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। जिले में छह केंद्र बनाए गए हैं। यहां से बसें मिलेंगी और शाम को वापास लाएंगी। बाहर से आने वाले भिवानी व झज्जर के अभ्यर्थियों के लिए राजीव गांधी स्टेडियम से बसों का संचालन होगा। यहीं से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए शटल बस सेवा संचालित की जाएगी, जिसमें शिक्षा विभाग के 150 कर्मचारी तैनात रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस को समुचित व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
- प्रदीप कौशिक, सीईटी यातायात नोडल अधिकारी।