अभी तक आपने फैशन शो में मॉडल को कैटवॉक करते देखा होगा, लेकिन अब देसी गाय रैंप पर चलेंगी। देसी गाय के लिए देश में पहली बार फैशन शो होगा। राज्यस्तरीय आयोजन प्रदेश सरकार की ओर से रोहतक के बहुअकबरपुर गांव में 6 और 7 मई को होगा। फैशन शो के साथ दुग्ध प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। गौपालकों के लिए लाखों के इनाम की घोषणा की गई है। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ 7 मई को विजेताओं को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व संयुक्त निदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को सीटीएम के कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। डॉ. प्रेम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम बहुअकबरपुर के वेटरनरी कॉलेज में होगा। इसमें देसी गाय की 6 नस्ल साहीवाल, राठी, बिलाही, गिर, थारपारकर के साथ ही गौशाला की देसी गाय शामिल होंगी।
हिस्सा लेने के लिए पशुपालकों को अपनी गाय के साथ 5 मई को शाम 4 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा। 6 मई की सुबह और शाम को दुग्ध प्रतियोगिता करवाई जाएगी। 7 मई को कैटवॉक होगा। बैठक में सीटीएम अजय चोपड़ा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. सूर्या खटकड़, रोडवेज के जीएम आरएस पूनिया और जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ एसके कौशिक मौजूद रहे।